NEET UG Counselling 2026: आज से से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन, जानिए आवेदन से चॉइस लॉकिंग तक पूरी प्रक्रिया

MCC ने जारी की स्टेप-बाय-स्टेप गाइड, अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले जरूरी निर्देशों का पालन करने की सलाह

NEET UG Counselling 2026:राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG) 2026 में सफल अभ्यर्थियों के लिए मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) की काउंसलिंग प्रक्रिया 5 अगस्त से शुरू होने जा रही है। इसके तहत उम्मीदवार ऑनलाइन पंजीकरण कर मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकेंगे। पहली बार काउंसलिंग में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए एमसीसी ने पूरी प्रक्रिया समझाने वाली स्टेप-बाय-स्टेप वीडियो गाइड भी जारी की है।

काउंसलिंग में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन करते समय वही मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी का उपयोग करें, जो NEET UG 2026 आवेदन के दौरान दर्ज की गई थी। साथ ही आवेदन स्वयं भरें और केवल एमसीसी की आधिकारिक वेबसाइट का ही उपयोग करें।

ऐसे करें रजिस्ट्रेशन

उम्मीदवार सबसे पहले एमसीसी की वेबसाइट पर जाकर UG Medical सेक्शन में New Registration 2026 विकल्प का चयन करें। इसके बाद आवश्यक दिशा-निर्देश पढ़कर आवेदन प्रक्रिया शुरू करें। सभी जानकारी सत्यापित करने के बाद सहमति (Consent) स्वीकार करनी होगी और आगे की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

हाई सिक्योरिटी पासवर्ड बनाना होगा

रजिस्ट्रेशन के दौरान अभ्यर्थियों को मजबूत पासवर्ड बनाना होगा, जिसमें बड़े और छोटे अक्षर, अंक तथा विशेष चिन्ह शामिल हों। यही पासवर्ड आगे लॉगिन और चॉइस लॉकिंग के समय उपयोग किया जाएगा। ओटीपी सत्यापन के बाद आवेदन प्रक्रिया पूरी होगी।

आवेदन में भरनी होंगी ये जानकारियां

उम्मीदवारों को अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी जैसे श्रेणी, राष्ट्रीयता, धर्म, कक्षा 12 का बोर्ड, स्कूल, उत्तीर्ण वर्ष, रोल नंबर और विषयवार अंक दर्ज करने होंगे। कुछ जानकारियां बाद में संशोधित नहीं की जा सकेंगी, इसलिए आवेदन भरते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

यदि कोई अभ्यर्थी AFMC या अन्य विशेष श्रेणियों के लिए आवेदन करना चाहता है, तो संबंधित विकल्प भी चुन सकता है।

चॉइस फिलिंग और लॉकिंग का रखें ध्यान

शुल्क जमा होने के बाद उम्मीदवार अपनी पसंद के मेडिकल कॉलेजों का चयन कर सकेंगे। आवश्यकता अनुसार विकल्पों का क्रम बदला या हटाया भी जा सकता है। अंतिम निर्णय लेने के बाद चॉइस लॉक करनी होगी। एक बार चॉइस लॉक होने के बाद उसमें कोई बदलाव संभव नहीं होगा।

ये दस्तावेज रखें सुरक्षित

पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन स्लिप, फीस भुगतान की रसीद और लॉक की गई चॉइस की सूची डाउनलोड कर सुरक्षित रखनी चाहिए। ये दस्तावेज आगे की काउंसलिंग प्रक्रिया में काम आएंगे।

Read Also-WhatsApp Age Verification:भारत में WhatsApp की नई पहल, उम्र सत्यापन फीचर की टेस्टिंग शुरू

Related Articles

Back to top button