Sonu Nigam Surgery: सर्जरी के दौरान सोनू निगम ने गाया ‘सुहानी रात ढल चुकी’, विशाल मिश्रा बोले- आप मेरे भगवान

ऑपरेशन टेबल से सोनू निगम का वीडियो वायरल, श्रेया घोषाल समेत कई सितारों ने जल्द ठीक होने की कामना की

Sonu Nigam Surgery:  बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सोनू निगम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सोनू निगम ऑपरेशन थिएटर में सर्जरी के दौरान दर्द के बावजूद गाना गाते नजर आ रहे हैं। उन्हें इस हालत में गाता देखकर फैंस हैरान भी हैं और उनकी हिम्मत की तारीफ भी कर रहे हैं। वहीं, श्रेया घोषाल और विशाल मिश्रा समेत कई सेलेब्स ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

सोनू निगम ने रविवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह वीडियो शेयर किया। इसमें वह ऑपरेशन टेबल पर लेटे हुए 1949 में आई फिल्म ‘दुलारी’ का मशहूर गाना ‘सुहानी रात ढल चुकी’ गाते दिखाई दे रहे हैं। सोनू ने बताया कि उन्होंने यह गाना अपनी सर्जरी कर रहे डॉक्टर और मेडिकल टीम के लिए गाया था।

वीडियो के साथ सोनू ने लिखा कि सर्जरी के दौरान डॉक्टर निलेश सतभाई और उनकी टीम के लिए यह अचानक की गई परफॉर्मेंस थी। उन्होंने दर्द के बीच भी संगीत की खुशी को महसूस करने की बात कही। सोनू का यह अंदाज देखकर डॉक्टर और मेडिकल टीम भी हैरान नजर आई।

वीडियो सामने आने के बाद फैंस सोनू की सेहत को लेकर चिंतित हो गए। श्रेया घोषाल ने उनके जल्द ठीक होने की कामना करते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में भी संगीत के प्रति उनका समर्पण प्रेरणादायक है। वहीं, सिंगर विशाल मिश्रा ने कमेंट किया, ‘इसीलिए आप मेरे भगवान हैं, जल्द ठीक हो जाइए भैया।’ रणवीर अल्लाहबादिया ने भी सोनू के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

सोनू निगम की सर्जरी किस वजह से हुई है, इसकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, कुछ समय पहले सोनू ने अपनी सेहत को लेकर जानकारी साझा की थी। उन्होंने बताया था कि उनकी नसें दब गई थीं और इसके लिए उन्हें MRI और CT स्कैन समेत कई मेडिकल टेस्ट कराने पड़े थे। उन्होंने यह भी बताया था कि फिजियोथेरेपी काफी दर्दनाक थी और वह दर्द कम करने के लिए दवाएं ले रहे थे।

Sonu Nigam Health Update: ‘गले की नस दब गई, हिलना भी मुश्किल’, दर्द में भी कॉन्सर्ट करेंगे सोनू निगम, फैंस से मांगी दुआ

स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बावजूद सोनू निगम लगातार अपने संगीत से जुड़े हुए हैं। हाल ही में उन्होंने फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के गाने ‘तबस्सुम’ के लिए अपनी आवाज दी है। ए.आर. रहमान के संगीत और जावेद अख्तर के बोल वाले इस गाने को लेकर भी उनकी चर्चा हो रही है। फिल्म में सनी देओल, शबाना आजमी और प्रीति जिंटा जैसे कलाकार नजर आएंगे और यह 14 अगस्त को रिलीज होने वाली है।

सोनू निगम अपने ‘रेवोल्यूशन टूर’ को लेकर भी चर्चा में हैं। वह 30 अगस्त को लॉस एंजिल्स के डॉल्बी थिएटर में परफॉर्म करने वाले हैं। इसके बाद भारत में बेंगलुरु, पुणे, सूरत, लखनऊ और भोपाल समेत कई शहरों में उनका कार्यक्रम प्रस्तावित है। ऐसे में फैंस अब उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं, ताकि वह फिर से मंच पर अपनी आवाज का जादू बिखेर सकें।

Related Articles

Back to top button