Bollywood News: मालामाल वीकली 2′ में शिल्पा शिरोडकर की एंट्री
Bollywood News: Shilpa Shirodkar joins 'Malaamal Weekly 2'
Bollywood News:परेश रावल अभिनीत कॉमेडी फिल्म ‘मालामाल वीकली’ के सीक्वल को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 2006 में रिलीज हुई प्रियदर्शन निर्देशित फिल्म की दूसरी कड़ी का निर्देशन अमित जोशी करेंगे। अब फिल्म की स्टारकास्ट में 90 के दशक की लोकप्रिय अभिनेत्री शिल्पा शिरोडकर का नाम भी जुड़ गया है। शिल्पा करीब 26 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। उन्हें आखिरी बार वर्ष 2000 में एमएफ हुसैन की फिल्म ‘गज गामिनी’ में देखा गया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, शिल्पा को ‘मालामाल वीकली 2’ का प्रस्ताव मिलते ही उन्होंने फिल्म के लिए हामी भर दी। बताया जा रहा है कि अभिनेत्री को उनका किरदार और पूरी कहानी पसंद आई, जिसके बाद उन्होंने इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने में रुचि दिखाई। निर्माताओं की भी लंबे समय से उन्हें फिल्म में शामिल करने की इच्छा थी। शिल्पा ने पिछले कुछ वर्षों में कोई फिल्म साइन नहीं की है, हालांकि उन्हें लगातार फिल्मों के प्रस्ताव मिलते रहे हैं।
‘मालामाल वीकली 2’ में रवीना टंडन और परिणीति चोपड़ा के भी शामिल होने की खबर है। वहीं, रितेश देशमुख और राजपाल यादव की वापसी की भी चर्चा है। हालांकि, निर्माताओं ने साफ किया है कि सीक्वल की कहानी और किरदार पहली फिल्म से अलग होंगे। शिल्पा की वापसी को लेकर उनके प्रशंसकों में भी उत्साह है और अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि लंबे अंतराल के बाद अभिनेत्री पर्दे पर किस अंदाज में नजर आती हैं।



