UP News : 31 मृत पुलिसकर्मियों के परिजनों और 7 दिव्यांग कर्मियों को 56.71 करोड़ की आर्थिक सहायता, DGP राजीव कृष्ण ने बांटे चेक
UP News : UP Police DGP राजीव कृष्ण ने PSP योजना के तहत 31 मृत पुलिसकर्मियों के परिजनों और 7 दिव्यांग कर्मियों समेत 38 लाभार्थियों को 56.71 करोड़ रुपये के चेक वितरित किए।
UP News : उत्तर प्रदेश पुलिस ने आकस्मिक दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारों और दिव्यांग पुलिसकर्मियों को बड़ी आर्थिक सहायता प्रदान की है। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण ने 14 अगस्त 2026 को बैंक ऑफ बड़ौदा के साथ हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत संचालित पुलिस सैलरी पैकेज (PSP) योजना के अंतर्गत कुल 38 लाभार्थियों को 56 करोड़ 71 लाख 59 हजार 800 रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए।
31 मृत पुलिसकर्मियों के परिजनों को सहायता
कार्यक्रम में आकस्मिक दुर्घटना में मृत 31 पुलिस कर्मियों के परिजनों तथा 7 दिव्यांग पुलिस कर्मियों को आर्थिक सहायता दी गई। कुल 38 लाभार्थियों को चेक प्रदान किए गए।
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने मृत पुलिसकर्मियों के परिजनों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने दिव्यांग पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों से भी बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना।
पुलिस विभाग हर परिस्थिति में परिवारों के साथ: DGP
इस दौरान DGP राजीव कृष्ण ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस अपने कर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। कठिन परिस्थितियों में विभाग पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ पुलिसकर्मियों तथा उनके परिवारों के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने लाभार्थियों को विभाग की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
बैंक ऑफ बड़ौदा के साथ MoU के तहत मिली सहायता
यह आर्थिक सहायता बैंक ऑफ बड़ौदा के साथ संपादित MoU के तहत संचालित Police Salary Package (PSP) योजना के माध्यम से प्रदान की गई। कार्यक्रम में पुलिस मुख्यालय के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) सहित बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक, उप महाप्रबंधक और शाखा प्रबंधक मौजूद रहे।



