Lucknow News- राष्ट्रध्वज से हमें महान स्वतंत्रता सेनानियों का स्मरण होता है : राज्यपाल
Lucknow News – The national flag reminds us of great freedom fighters: Governor
Lucknow News- प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शनिवार को देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जन भवन, लखनऊ में ध्वजारोहण किया तथा सलामी ली। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। जन भवन के अधिकारी-कर्मचारियों तथा आदर्श माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
उन्होंने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और अमूल्य अवसर है। राष्ट्रध्वज को देखते हुए हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों का स्मरण होता है, जिन्होंने वर्षों के संघर्ष, त्याग और बलिदान के बाद देश को स्वतंत्रता दिलाई। अनेक वीरों ने छोटी आयु में ही देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि हमें उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में देश में अनेक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं और बड़ी संख्या में लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। अभी भी अनेक लोगों को गरीबी से बाहर लाने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा दिलाना, किसानों की सहायता करना तथा समाज के कमजोर वर्गों को आगे बढ़ाना हम सभी का दायित्व है।
राज्यपाल ने नक्सलवाद के उन्मूलन का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने छत्तीसगढ़ की राज्यपाल के रूप में वहां नक्सलवाद की गंभीर स्थिति को स्वयं देखा है। उस समय अनेक क्षेत्रों में बच्चों की शिक्षा प्रभावित होती थी और सामान्य जनजीवन भी कठिन था। उन्होंने नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान में सेना एवं सुरक्षा बलों के जवानों तथा अधिकारियों के साहस और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि अनेक जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी, कई परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया; माताओं ने अपने पुत्रों और पत्नियों ने अपने पतियों को खोया, लेकिन इन वीरों ने देश के प्रति सौंपे गए दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाया।
उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा देश के समग्र विकास के लिए निर्धारित ‘‘सप्तधारा‘‘ का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को विश्व की अग्रिम पंक्ति में लाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समय के अनुरूप अप्रासंगिक हो चुके पुराने कानूनों में आवश्यक परिवर्तन किए गए हैं, ताकि देश की विकास आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
Read Also-Ayodhya News- अयोध्या में वीरेंद्र सहवाग ने किए रामलला के दर्शन, हनुमानगढ़ी में भी टेका माथा



