Lucknow News-21 अगस्त तक वन टाइम टैक्स की पहली किस्त, टैक्सी संचालकों ने उठाई राहत की मांग

Lucknow News – First installment of one-time tax due by August 21; taxi operators demand relief.

Lucknow News-वन टाइम टैक्स की पहली 50 फीसदी किस्त जमा करने की समयसीमा 21 अगस्त निर्धारित की गई है। समयसीमा नजदीक आने के साथ टैक्सी और ट्रांसपोर्ट कारोबारियों ने टैक्स जमा करने की प्रक्रिया को लेकर व्यावहारिक समस्याएं सामने रखी हैं। कारोबारियों का कहना है कि मौजूदा व्यवस्था में वाहन स्वामियों को आरटीओ कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

ट्रैवल एंड ट्रांसपोर्ट ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश (TTOWA) के उपाध्यक्ष रवि आनंद के मुताबिक, वन टाइम टैक्स जमा करने की प्रक्रिया अभी पूरी तरह ऑनलाइन और स्वचालित नहीं है। वाहन स्वामियों को पहले आरटीओ कार्यालय जाकर लॉगिन आईडी और पासवर्ड प्राप्त करना पड़ता है। इसके बाद ही टैक्स भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ती है।

अंतिम तारीख बढ़ाने की मांग

टैक्सी कारोबारियों का कहना है कि अंतिम तिथि करीब होने के कारण बड़ी संख्या में वाहन स्वामियों के सामने समय पर प्रक्रिया पूरी करने की चुनौती है। आरटीओ कार्यालय में लॉगिन संबंधी औपचारिकताओं के लिए पहुंचने से समय और अतिरिक्त संसाधन दोनों खर्च हो रहे हैं।

TTOWA ने प्रदेशभर के टैक्सी एवं ट्रांसपोर्ट कारोबारियों को राहत देते हुए बिना पेनाल्टी दो किश्तों में वन टाइम टैक्स जमा करने की सुविधा देने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि इससे वाहन स्वामियों को टैक्स भुगतान में सुविधा मिलेगी और अंतिम समय में कार्यालयों पर बढ़ने वाला दबाव भी कम होगा।

ऑनलाइन व्यवस्था सरल करने की मांग

एसोसिएशन ने टैक्स भुगतान की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन एवं सरल बनाने की मांग की है, ताकि वाहन मालिक घर बैठे आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर सकें। कारोबारियों का कहना है कि डिजिटल व्यवस्था प्रभावी होने से समय की बचत होगी और परिवहन विभाग के कार्यालयों में अनावश्यक भीड़ भी कम की जा सकेगी।

TTOWA के उपाध्यक्ष रवि आनंद ने संबंधित अधिकारियों से टैक्सी और ट्रांसपोर्ट कारोबारियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक समाधान निकालने और टैक्स भुगतान के लिए राहत देने की अपील की है।

Read Also-Mirzapur News-जल जीवन मिशन से धनीपट्टी में बदली जिंदगी, घर-घर पहुंचा नल का पानी

Related Articles

Back to top button