Mirzapur News-जल जीवन मिशन से धनीपट्टी में बदली जिंदगी, घर-घर पहुंचा नल का पानी

Mirzapur News – Jal Jeevan Mission transforms lives in Dhanipatti; tap water reaches every household.

Mirzapur News-धनीपट्टी गांव में जल जीवन मिशन के तहत घर-घर पाइपलाइन से पेयजल पहुंचने के बाद ग्रामीणों की वर्षों पुरानी पानी की समस्या काफी हद तक दूर हो गई है। पहले ग्रामीणों को हैंडपंप और कुओं से पानी जुटाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। अब घर में लगी टोटियों से पानी मिलने से लोगों की दिनचर्या आसान हुई है।

जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के अनुसार जल जीवन मिशन के तहत जिले के 12 विकासखंडों में नौ ग्राम समूह पेयजल योजनाओं के माध्यम से 1610 गांवों में जल उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इनमें 1573 गांवों का प्रमाणीकरण भी पूरा हो चुका है।

धनीपट्टी में योजना के तहत सभी 188 ग्रामीण परिवारों को पाइपलाइन से पानी की सुविधा मिल रही है। इससे सबसे अधिक राहत उन महिलाओं को मिली है, जिन्हें पहले रोजमर्रा के काम के साथ पानी जुटाने की जिम्मेदारी भी उठानी पड़ती थी।

पानी के लिए दूर जाने से मिली राहत

गांव की निवासी संगीता देवी ने बताया कि पहले पानी लाने के लिए काफी दूर जाना पड़ता था। इसमें समय और मेहनत दोनों खर्च होते थे। कई बार बच्चों को भी पानी लाने में मदद करनी पड़ती थी, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती थी। अब घर पर नल से पानी मिलने के कारण काफी समय बच रहा है और घरेलू काम भी आसानी से पूरे हो रहे हैं।

श्यामकुमारी ने बताया कि घर पर नियमित पानी मिलने से परिवार को बड़ी सुविधा हुई है। स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होने से जलजनित बीमारियों में कमी आई है। इससे स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ इलाज पर होने वाला खर्च भी कम हुआ है।

महिलाओं की चिंता हुई कम

ग्रामीण महिला शंकरदेई ने बताया कि पानी की कमी के कारण महिलाओं को हर दिन पानी की व्यवस्था की चिंता रहती थी। अब घर-घर जलापूर्ति होने से यह परेशानी काफी कम हो गई है। पानी के लिए समय नहीं देना पड़ता, जिससे घरेलू और अन्य जरूरी कार्यों के लिए अधिक समय मिल रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन से उन्हें केवल पानी की सुविधा ही नहीं मिली, बल्कि समय की बचत, बेहतर स्वास्थ्य और रोजमर्रा की जिंदगी में भी बड़ा बदलाव आया है।

Read Also-CWC Meeting : शिक्षा, राष्ट्रीय सुरक्षा और राम मंदिर के मुद्दे पर खरगे का सरकार पर हमला, CWC में 2027 की रणनीति पर मंथन

मीरजापुर से सत्येन्द्र कुमार मिश्र की रिपोर्ट।

Related Articles

Back to top button