UP Lekhpal Result: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने लेखपाल मुख्य परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित कर दिया है। लंबे समय से रिजल्ट का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी खबर है। आयोग ने परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर 28,409 उम्मीदवारों को अगले चरण यानी पात्रता जांच और दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) के लिए शॉर्टलिस्ट किया है।
उम्मीदवार अपना परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं। लेखपाल भर्ती के जरिए राजस्व विभाग में कुल 7,994 पदों को भरा जाना है। मुख्य परीक्षा का आयोजन 21 मई 2026 को किया गया था।
विभिन्न वर्गों की कटऑफ भी जारी
रिजल्ट के साथ आयोग ने श्रेणीवार कटऑफ अंक भी जारी किए हैं। सामान्य वर्ग के लिए कटऑफ 58.75 अंक रही है। वहीं ओबीसी वर्ग के लिए 55.75, ईडब्ल्यूएस के लिए 55.25, अनुसूचित जाति के लिए 51.25 और अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 44 अंक निर्धारित किए गए हैं।
इसके अलावा महिलाओं, पूर्व सैनिकों और स्वतंत्रता सेनानी आश्रितों समेत विभिन्न क्षैतिज आरक्षण श्रेणियों के लिए भी अलग-अलग कटऑफ घोषित की गई है।
अब होगा डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन
रिजल्ट में सफल घोषित किए गए 28,409 अभ्यर्थियों को अब दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया से गुजरना होगा। आयोग जल्द ही इसकी तारीख, स्थान और जरूरी दिशा-निर्देश जारी करेगा। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपने सभी आवश्यक प्रमाण पत्र और दस्तावेज पहले से तैयार रखें।
अंतिम चयन अभी बाकी
आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह अंतिम चयन सूची नहीं है। रिजल्ट में शामिल उम्मीदवारों को केवल अगले चरण के लिए योग्य माना गया है। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और अन्य औपचारिकताओं के बाद ही अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।
अभ्यर्थी आगे की सभी अपडेट के लिए UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित नजर बनाए रखें।