CTET 2026: CTET उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर, 12-13 दिसंबर को आयोजित होगा शिक्षक पात्रता टेस्ट

CTET 2026: सीबीएसई ने CTET 2026 दिसंबर सत्र का संशोधित शेड्यूल जारी कर दिया है। अब परीक्षा 12 और 13 दिसंबर को ऑफलाइन मोड में होगी, जबकि परीक्षा शहर की जानकारी 15 दिन पहले और एडमिट कार्ड परीक्षा से दो दिन पहले जारी किया जाएगा।

CTET 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने CTET 2026 परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान कर दिया है। पहले यह परीक्षा सितंबर में प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसे दिसंबर में आयोजित किया जाएगा। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 12 और 13 दिसंबर 2026 को परीक्षा देंगे।

परीक्षा से पहले जारी होगी एग्जाम सिटी जानकारी

सीबीएसई ने बताया है कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र वाले शहर की जानकारी परीक्षा से करीब 15 दिन पहले उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं एडमिट कार्ड परीक्षा शुरू होने से दो दिन पहले डाउनलोड के लिए जारी किए जाएंगे।

क्यों बदला गया परीक्षा कार्यक्रम?

CTET परीक्षा पहले सितंबर में आयोजित होनी थी। हालांकि आवेदन प्रक्रिया दोबारा शुरू किए जाने के बाद बड़ी संख्या में नए आवेदन प्राप्त हुए। इसके चलते परीक्षा आयोजन की व्यवस्थाओं को देखते हुए बोर्ड ने परीक्षा को दिसंबर तक आगे बढ़ाने का फैसला लिया।

दो स्तरों के लिए आयोजित होती है परीक्षा

CTET में दो पेपर शामिल होते हैं। पहला पेपर प्राथमिक कक्षाओं (कक्षा 1 से 5) के शिक्षक बनने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए होता है। दूसरा पेपर उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) के लिए आयोजित किया जाता है।

दोनों पेपर में 150 प्रश्न पूछे जाते हैं और कुल 150 अंक निर्धारित होते हैं। परीक्षा की अवधि 2 घंटे 30 मिनट रखी गई है।

कितने अंक लाने पर होंगे पात्र?

सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को CTET क्वालिफाई करने के लिए कम से कम 90 अंक प्राप्त करने होते हैं। वहीं आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम योग्यता अंक 82 निर्धारित हैं।

कब आ सकता है एडमिट कार्ड?

नई परीक्षा तिथियों को देखते हुए एग्जाम सिटी स्लिप नवंबर के अंतिम सप्ताह में जारी की जा सकती है। वहीं एडमिट कार्ड दिसंबर के दूसरे सप्ताह में उपलब्ध होने की संभावना है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से CTET की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

Related Articles

Back to top button