Gurugram News : PG में फंदे से लटका मिला युवती का शव, लिव-इन पार्टनर पर हत्या का आरोप
Gurugram News : गुरुग्राम के इस्लामपुर स्थित PG में 20 वर्षीय तनीषा का शव पंखे से लटका मिला। मां ने लिव-इन पार्टनर पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है।

Gurugram News : गुरुग्राम के सेक्टर-38 के इस्लामपुर गांव स्थित एक PG में 20 वर्षीय युवती का शव पंखे से लटका मिला। मृतका की मां ने उसके लिव-इन पार्टनर पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
गुरुग्राम के सेक्टर-38 स्थित इस्लामपुर गांव में शनिवार को एक PG के कमरे में 20 वर्षीय युवती का शव फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के एटा जिले के जलालपुर निवासी तनीषा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने क्षेत्र के रहने वाले चेतन शर्मा के साथ लंबे समय से रिश्ते में थी और उसके साथ लिव-इन में रह रही थी।
खिड़की से कमरे के अंदर देखा तो मिली लाश
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय चेतन ड्यूटी पर गया हुआ था। इसी दौरान तनीषा के फोन कॉल का जवाब नहीं मिलने पर पड़ोस में रहने वाला अनुज उसके कमरे पर पहुंचा। कमरा अंदर से बंद था। इसके बाद जब उसने खिड़की से कमरे के अंदर देखा तो तनीषा का शव पंखे से लटका हुआ दिखाई दिया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
मां ने लगाया हत्या का आरोप
बेटी की मौत की खबर मिलने के बाद तनीषा की मां ने उसके लिव-इन पार्टनर चेतन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मां का दावा है कि उनकी बेटी की हत्या करने के बाद शव को पंखे से लटकाया गया। हालांकि, पुलिस ने अभी इस आरोप की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
घटना से एक रात पहले बहन से हुई थी बात
तनीषा की बहन ने बताया कि घटना से एक रात पहले ही उसकी बहन से बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान तनीषा सामान्य और ठीक लग रही थी। परिजनों के मुताबिक, उन्हें इस बात की पहले से जानकारी नहीं थी कि तनीषा चेतन के साथ लिव-इन में रह रही थी। ऐसे में युवती की मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। डॉक्टरों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
सदर थाना एसएचओ इंस्पेक्टर मोहन के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, परिजनों की ओर से लगाए गए हत्या के आरोपों को भी ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवती की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश थी। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



