Bank strike deferred : बैंक यूनियन की हड़ताल टली, IBA और UFBU के बीच बनी सहमति; शनिवार की छुट्टी समेत कई मुद्दों पर होगी चर्चा
Bank strike deferred : बैंक यूनियन की प्रस्तावित हड़ताल और आंदोलन टल गया है। IBA और UFBU के बीच सहमति के बाद शनिवार की छुट्टी, PLI स्कीम और अन्य लंबित मुद्दों पर बातचीत होगी।

Bank strike deferred : यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के बीच शनिवार रात हुई बैठक के बाद बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों का प्रस्तावित आंदोलन और हड़ताल टाल दी गई है। UFBU ने बैठक में बनी सहमति के बाद आंदोलन को स्थगित करने का फैसला लिया है।
UFBU की ओर से 27 सितंबर 2026 को जारी सर्कुलर के मुताबिक, IBA और UFBU के बीच रात 9:30 बजे बैठक हुई। बैठक में बैंक कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
शनिवार की छुट्टी के मुद्दे पर बनेगी उच्चस्तरीय समिति
बैठक में बचे हुए शनिवारों को छुट्टी घोषित करने के मुद्दे पर विचार के लिए IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने पर सहमति बनी है। यह समिति इस मामले से जुड़े सभी संभावित विकल्पों पर विचार करेगी और सभी हितधारकों के साथ चर्चा करेगी।
UFBU के मुताबिक, समिति ऐसा समाधान तलाशेगी जो सभी हितधारकों के साथ-साथ बैंक ग्राहकों के लिए भी स्वीकार्य हो।
स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों की PLI स्कीम पर भी बातचीत
बैठक में स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम पर भी चर्चा हुई। यूनियनों और एसोसिएशनों की ओर से उठाई गई आपत्तियों और दिए गए सुझावों को ध्यान में रखते हुए इस स्कीम में बदलाव का प्रस्ताव तैयार करने के लिए IBA के साथ बातचीत शुरू की जा सकती है।
अन्य लंबित मुद्दों पर भी जल्द होगी चर्चा
UFBU और IBA के बीच 8 मार्च 2024 की बैठक के मिनट्स में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों को भी जल्द सुलझाने के लिए बातचीत जारी रखने पर सहमति बनी है। दोनों पक्ष इन मुद्दों के समाधान के लिए आगे चर्चा करेंगे।
प्रस्तावित आंदोलन और हड़ताल स्थगित
बैठक में बनी सहमति को देखते हुए UFBU ने अपने प्रस्तावित आंदोलन कार्यक्रमों और हड़ताल की कार्रवाई को टालने पर सहमति जताई है। संगठन की ओर से कहा गया है कि इस संबंध में विस्तृत सर्कुलर बाद में जारी किया जाएगा।
UFBU में AIBEA, AIBOC, NCBE, AIBOA, BEFI, INBEF और INBOC सहित बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों के संगठन शामिल हैं।



