निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत भरभरा कर गिरी, 6 मजदूरों की मौत; मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी
धूलकोट इलाके में अचानक भरभरा कर गिरी इमारत, मलबे में फंसे लोगों की तलाश में NDRF-SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हरियाणा के अंबाला शहर में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। धूलकोट इलाके में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभरा कर गिर गई। हादसे के वक्त इमारत में कई मजदूर निर्माण कार्य में जुटे हुए थे। अचानक पूरी इमारत का हिस्सा गिरने से मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में अब तक 6 मजदूरों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 10 से अधिक मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव दल लगातार मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर पर राहत कार्य में मदद करने लगे। सूचना मिलने के बाद पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। इसके बाद मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
तीन मंजिला इमारत गिरने से मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि धूलकोट इलाके में एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत में काम चल रहा था। हादसे के वक्त कुछ मजदूर ग्राउंड फ्लोर पर काम कर रहे थे, जबकि कुछ मजदूर ऊपर की मंजिलों पर निर्माण कार्य में जुटे थे। इसी दौरान अचानक इमारत का हिस्सा भरभरा कर नीचे आ गिरा। देखते ही देखते वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मौके पर मौजूद लोगों को मलबे के अंदर से मजदूरों को तलाशने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। शुरुआती रेस्क्यू में कई मजदूरों को बाहर निकाला गया, जिन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया।
अब तक कई मजदूरों को निकाला गया बाहर
हादसे के बाद NDRF और SDRF की टीमें भी राहत एवं बचाव अभियान में जुट गईं। बचावकर्मी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर अंदर फंसे मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मलबे से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि कुछ लोगों के अभी भी फंसे होने की आशंका है।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान आसपास के लोगों को घटनास्थल से दूर रखा गया, ताकि बचाव कार्य में किसी तरह की परेशानी न हो। प्रशासन की ओर से भी हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है।
अस्पताल में घायलों का इलाज जारी
हादसे में घायल हुए मजदूरों को अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक हादसे के बाद बड़ी संख्या में घायल और मृतकों को अस्पताल लाया गया।
सिविल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. रोहित के मुताबिक, शुरुआत में 13 मरीज अस्पताल पहुंचे थे, जिनमें से 4 को मृत अवस्था में लाया गया था। बाकी मरीजों की जांच के बाद उनका इलाज शुरू किया गया। इसके बाद शाम के समय तीन और मरीज अस्पताल पहुंचे, जिन्हें मामूली चोटें आई थीं। बाद में एक और व्यक्ति को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, कुल 17 मरीज अस्पताल पहुंचे, जिनमें कई घायलों का उपचार किया गया। अधिकारियों की ओर से घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
हादसे की सूचना मिलने के बाद अंबाला के पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, इमारत की तीसरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था और लेंटर डालने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान इमारत का हिस्सा अचानक गिर गया। हालांकि इमारत गिरने की वास्तविक वजह क्या थी, इसे लेकर अभी आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन की जांच के बाद ही हादसे के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Yogi Adityanath: लखनऊ में योगी का विपक्ष पर प्रहार, राम मंदिर आंदोलन को लेकर लगाए गंभीर आरोप
मलबे में दबी जिंदगियों की तलाश जारी
अंबाला के धूलकोट में हुए इस हादसे के बाद सबसे बड़ी चुनौती मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालना है। NDRF, SDRF, पुलिस और दमकल की टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई हैं। बचावकर्मी सावधानी के साथ मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं।
हादसे के बाद प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है। वहीं, अस्पताल में भर्ती मजदूरों का इलाज जारी है। इमारत गिरने के पीछे निर्माण में किसी तरह की लापरवाही या तकनीकी वजह रही है या नहीं, इसकी जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर है।



