adevertisment Adevertiisment banner

Punjab Assembly Election 2027: AAP ने जारी की 40 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, धुरी से फिर लड़ेंगे CM भगवंत मान; जेल में बंद संजीव अरोड़ा को भी टिकट

आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए पहली सूची में 40 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए। कुलतार सिंह संधवां कोटकपूरा और संजीव अरोड़ा लुधियाना वेस्ट से चुनाव लड़ेंगे।

Punjab Assembly Election 2027: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने शनिवार, 31 अक्टूबर को 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक बार फिर संगरूर जिले की धुरी विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है। वहीं, जेल में बंद कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को लुधियाना वेस्ट से उम्मीदवार बनाया गया है। विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां कोटकपूरा सीट से चुनाव लड़ेंगे।

उम्मीदवारों के नामों पर दिल्ली में पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक में मुहर लगी। बैठक में अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इसके बाद 40 उम्मीदवारों की सूची सार्वजनिक की गई।

धुरी से फिर चुनाव लड़ेंगे भगवंत मान

AAP की पहली सूची में सबसे प्रमुख नाम मुख्यमंत्री भगवंत मान का है। पार्टी ने उन्हें एक बार फिर धुरी विधानसभा सीट से मैदान में उतारने का फैसला किया है। मान ने 2022 के विधानसभा चुनाव में भी इसी सीट से जीत दर्ज की थी। उस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार दलवीर सिंह गोल्डी को हराया था।

2022 के चुनाव में भगवंत मान को 82,592 वोट मिले थे, जबकि दलवीर सिंह गोल्डी को 58,206 वोट हासिल हुए थे। इस तरह मान ने 24,386 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। अब पार्टी ने आगामी चुनाव के लिए भी उन्हें इसी सीट से उम्मीदवार बनाया है।

जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा को लुधियाना वेस्ट से टिकट

पहली सूची में संजीव अरोड़ा का नाम भी शामिल है। वह फिलहाल प्रवर्तन निदेशालय (ED) से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जेल में बंद हैं। इसके बावजूद पार्टी ने उन्हें लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। अरोड़ा की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ चल रही जांच के बीच टिकट दिए जाने का फैसला राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले में लगे आरोपों पर कानूनी प्रक्रिया जारी है।

इसके अलावा पार्टी ने कई अन्य प्रमुख नेताओं को भी चुनाव मैदान में उतारा है। कुलदीप सिंह धालीवाल को अजनाला, हरमीत सिंह संधू को तरनतारन, कुलवंत सिंह को एसएएस नगर और डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर को अमृतसर साउथ से उम्मीदवार बनाया गया है। विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां कोटकपूरा से चुनाव लड़ेंगे।

पहली सूची में चार महिला उम्मीदवारों को मौका

AAP की पहली सूची में चार महिला उम्मीदवारों के नाम भी शामिल हैं। पार्टी ने नकोदर से इंद्रजीत कौर मान, बलाचौर से संतोष कटारिया, तलवंडी साबो से बलजिंदर कौर और मोगा से डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा को टिकट दिया है। इसके अलावा सूची में अनुसूचित जाति वर्ग के सात उम्मीदवारों को भी जगह मिली है।

AAP की पहली सूची में शामिल 40 उम्मीदवारों के नाम

पार्टी ने पंजाब के अलग-अलग क्षेत्रों की 40 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की है। पूरी सूची इस प्रकार है:

विधानसभा सीट उम्मीदवार
बटाला अमनशेर सिंह (शेरी कलसी)
अजनाला कुलदीप सिंह धालीवाल
अमृतसर साउथ डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर
तरनतारन हरमीत सिंह संधू
खेमकरण सरवन सिंह धुन
नकोदर इंद्रजीत कौर मान
करतारपुर बलकार सिंह
दसूहा करमबीर सिंह घुम्मन
उरमर जसवीर सिंह राजा गिल
होशियारपुर ब्रम शंकर शर्मा जिम्पा
चब्बेवाल ईशांक कुमार चब्बेवाल
गढ़शंकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी
बलाचौर संतोष कटारिया
रूपनगर दिनेश चड्ढा
एसएएस नगर कुलवंत सिंह
फतेहगढ़ साहिब लखबीर सिंह राय
अमलोह गुरिंदर सिंह गैरी वड़िंग
समराला जगतार सिंह दियालपुरा
लुधियाना ईस्ट दलजीत सिंह ग्रेवाल भोला
आत्म नगर कुलवंत सिंह सिद्धू
लुधियाना सेंट्रल अशोक पराशर पप्पी
लुधियाना वेस्ट संजीव अरोड़ा
लुधियाना नॉर्थ चौधरी मदन लाल बग्गा
पायल मनविंदर सिंह ग्यासपुरा
निहाल सिंह वाला मनजीत सिंह बिलासपुर
बाघा पुराना अमृतपाल सिंह सुखानंद
मोगा डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा
धर्मकोट देविंदर जीत सिंह लड्डी ढोस
जलालाबाद जगदीप कंबोज गोल्डी
फाजिल्का नरिंदरपाल सिंह सवना
मुक्तसर जगदीप सिंह काका बराड़
कोटकपूरा कुलतार सिंह संधवां
जैतो अमोलक सिंह
तलवंडी साबो बलजिंदर कौर
सरदूलगढ़ गुरप्रीत सिंह बनावाली
भदौड़ लाभ सिंह उगोके
महल कलां कुलवंत सिंह पंडोरी
अमरगढ़ जसवंत सिंह गज्जनमाजरा
धुरी भगवंत मान
पटियाला अजीतपाल सिंह कोहली

आजम खान और अब्दुल्ला आजम की रिहाई के परवाने जारी, रामपुर जेल के बाहर बढ़ी हलचल; शाम तक बाहर आने की उम्मीद

बाकी सीटों पर उम्मीदवारों का इंतजार

पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं। AAP ने फिलहाल 40 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं। बाकी सीटों के लिए पार्टी की अगली सूची का इंतजार है। पहली सूची में कई मौजूदा विधायकों और सरकार से जुड़े नेताओं को दोबारा मौका दिया गया है। वहीं, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा जैसे नेताओं के नाम पहली सूची में शामिल नहीं हैं। ऐसे में अगली सूची में इन नेताओं के नामों को लेकर चर्चा बनी हुई है।

पार्टी के भीतर कुछ मौजूदा विधायकों के टिकट कटने की चर्चाएं भी पहले से चल रही थीं। ऐसे में अब नजर इस बात पर रहेगी कि अगली सूची में कितने नए चेहरों को मौका मिलता है और कितने मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट दिया जाता है। पंजाब में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है, हालांकि निर्वाचन आयोग ने अभी मतदान की तारीखों का ऐलान नहीं किया है।

Related Articles

Back to top button