adevertisment Adevertiisment banner

Amit Shah: राहुल गांधी को अमित शाह की दो टूक, बोले- SIR पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार

Amit Shah: करनाल में गृह मंत्री ने कांग्रेस नेता को दी चुनौती, कहा- प्रधानमंत्री को पत्र लिखें और संसद में चर्चा करें।

Amit Shah: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहस की चुनौती देने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पलटवार किया है। हरियाणा के करनाल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने राहुल गांधी को एसआईआर (मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण) के मुद्दे पर संसद में चर्चा करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखें, सरकार इस विषय पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार है।

जनसभा में अमित शाह ने कहा कि उनकी आवाज राहुल गांधी तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन में ‘जय श्री राम’ के नारे लगाने की अपील की। शाह ने कहा कि देश की जनता ने लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री चुना है, जबकि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस को चुनावी हार का सामना करना पड़ा है।

एसआईआर पर विशेष सत्र बुलाने की पेशकश

अमित शाह ने कहा कि एसआईआर पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री के साथ अलग से बहस करने की जरूरत नहीं है। राहुल गांधी प्रधानमंत्री को एक पत्र लिख दें, सरकार संसद का विशेष सत्र बुलाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चर्चा के लिए संसद सबसे सर्वोच्च मंच है।

गृह मंत्री ने कांग्रेस पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष सदन को चलने नहीं देता। उनके मुताबिक, संसद में हंगामा करना और कार्यवाही का बहिष्कार करना कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा बन चुका है। उन्होंने राहुल गांधी पर सड़कों पर अराजकता फैलाने का आरोप भी लगाया।

राहुल गांधी पर चुनावी हार का आरोप

शाह ने कांग्रेस की ओर से आयोजित विरोध प्रदर्शनों पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के 600 जिलों में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैलियों के जरिए राहुल गांधी को जवाब दिया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संसद, लोकसभा अध्यक्ष और न्यायालय का अपमान करते हैं। शाह ने कहा कि कांग्रेस नेता संविधान का सम्मान नहीं करते और चुनाव में हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ते हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वह हार के बाद बौखलाए हुए हैं।

घुसपैठियों के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा

जनसभा में गृह मंत्री ने घुसपैठ के मुद्दे पर भी कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने दावा किया कि तीन करोड़ घुसपैठियों को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस परेशान हैं। शाह ने विपक्ष की रैली को घुसपैठियों को बचाने की कोशिश करार दिया। इस दौरान उन्होंने एक टिप्पणी करते हुए दस साल की शादी में 12 बच्चों के होने का सवाल भी उठाया।

अमित शाह ने पंजाब के किसानों की एमएसपी से जुड़ी मांगों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से सरकार चलाने का तरीका सीखना चाहिए।

मतदाता सूची और ईवीएम को लेकर कांग्रेस पर निशाना

अमित शाह ने कांग्रेस पर चुनावी नतीजों के हिसाब से मतदाता सूची और ईवीएम पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिन जगहों पर कांग्रेस चुनाव जीतती है, वहां उसे मतदाता सूची सही लगती है, लेकिन हारने पर वही सूची खराब बताई जाती है और ईवीएम पर सवाल खड़े किए जाते हैं।

गृह मंत्री ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कांग्रेस नेता से अपनी सभी विदेश यात्राओं का ब्योरा देश की जनता के सामने रखने को कहा। करनाल की रैली में अमित शाह ने एसआईआर पर संसद में चर्चा की पेशकश के साथ कांग्रेस की चुनावी रणनीति और उसके विरोध प्रदर्शनों पर भी तीखे सवाल उठाए।

Related Articles

Back to top button