UP News : यूपी में एक और महिला PCS अधिकारी का इस्तीफा, अनुपमा सरोज के फैसले से सियासी हलचल
UP News : यूपी की PCS अधिकारी अनुपमा सरोज सिंह ने डिप्टी कमिश्नर GST पद से इस्तीफा दिया। सिधौली सीट से 2027 विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलें, अनुराग भदौरिया की हैं पत्नी।

UP News : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले एक और महिला प्रशासनिक अधिकारी के इस्तीफे ने राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी है। आईएएस दिव्या मित्तल के बाद अब पीसीएस अधिकारी अनुपमा सरोज सिंह ने भी सरकारी सेवा से इस्तीफा दे दिया है। वह प्रदेश सरकार में डिप्टी कमिश्नर (जीएसटी) के पद पर तैनात थीं। अनुपमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने इस्तीफे की जानकारी साझा की है।
अनुपमा सरोज ने अपने संदेश में कहा कि भविष्य में नए संकल्प के साथ एक नया सफर शुरू करेंगी। उनके इस फैसले के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, उन्होंने अभी तक विधानसभा चुनाव लड़ने या किसी राजनीतिक दल में शामिल होने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
सिधौली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा
अनुपमा सरोज का राजनीतिक परिवार से भी संबंध है। वह समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अनुराग भदौरिया की पत्नी हैं। उनकी मां सुशीला सरोज लखनऊ की मोहनलालगंज लोकसभा सीट से सांसद रह चुकी हैं। अनुपमा पेशे से गायिका भी हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अनुपमा आगामी विधानसभा चुनाव में सक्रिय भूमिका निभा सकती हैं। सीतापुर जिले की सिधौली विधानसभा सीट से उनके चुनाव लड़ने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। हालांकि, इस संबंध में अनुपमा की ओर से अभी कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।
दिव्या मित्तल के इस्तीफे के बाद फिर चर्चा में महिला अधिकारी
इससे पहले उत्तर प्रदेश कैडर की 2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने भी भारतीय प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैसले की जानकारी देते हुए 13 वर्षों की प्रशासनिक सेवा यात्रा को विराम देने की बात कही थी।
मिर्जापुर की जिलाधिकारी रहते हुए दिव्या मित्तल ने कई महत्वपूर्ण कार्य किए थे। इनमें लहुरियादह गांव में आजादी के 75 साल बाद पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराना प्रमुख रूप से शामिल रहा। इस काम के लिए उनकी काफी सराहना हुई थी।
दिव्या मित्तल ने बनाई अपनी राजनीतिक पार्टी
आईएएस पद से इस्तीफा देने के करीब दो महीने बाद दिव्या मित्तल ने राजनीति में उतरने का ऐलान किया था। उन्होंने ‘जननीति भारत पार्टी’ के गठन की घोषणा करते हुए कहा था कि उनकी पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।
दिव्या मित्तल के मिर्जापुर से चुनाव लड़ने की भी चर्चाएं हैं, हालांकि उनकी उम्मीदवारी को लेकर कोई अंतिम आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
अब अनुपमा सरोज के इस्तीफे के बाद एक बार फिर यह सवाल उठ रहा है कि क्या प्रशासनिक सेवा छोड़ने वाली महिला अधिकारी आगामी विधानसभा चुनाव में राजनीतिक भूमिका निभाएंगी। फिलहाल अनुपमा के अगले कदम और उनकी राजनीतिक रणनीति पर सबकी नजरें टिकी हैं।



