adevertisment Adevertiisment banner

US Iran War: धमकियों के बाद अमेरिकी वित्त मंत्री ने छोड़ा सरकारी आवास, सैन्य अड्डे पर ली शरण

US Iran War: ईरान से कथित जान के खतरे के बीच बढ़ाई गई स्कॉट बेसेंट की सुरक्षा

US Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ईरान से कथित तौर पर जान से मारने की धमकियां मिलने के बाद बेसेंट ने अपना सरकारी आवास छोड़ दिया है। बताया जा रहा है कि सुरक्षा कारणों से उन्हें एक सैन्य अड्डे पर स्थानांतरित किया गया है। हालांकि, उन्हें मिली धमकियों की वास्तविक प्रकृति और गंभीरता को लेकर अभी तक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

द न्यूयॉर्क टाइम्स ने मंगलवार को इस घटनाक्रम से परिचित लोगों के हवाले से यह जानकारी दी। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी वित्त मंत्री को संभावित खतरे के मद्देनजर उनकी सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि धमकियां सीधे ईरान की ओर से दी गई हैं या इनके पीछे किसी अन्य समूह की भूमिका है।

अमेरिकी नागरिकों और अधिकारियों पर हमले की आशंका

अमेरिकी प्रशासन के भीतर ईरान की ओर से अमेरिकी नागरिकों और सरकारी अधिकारियों को निशाना बनाए जाने की आशंका को लेकर सतर्कता बढ़ी हुई है। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों का आकलन है कि ईरान के पास अमेरिका या विदेशों में बड़े पैमाने पर हमले करने की क्षमता सीमित है। दूसरी तरफ, ईरान लगातार उन आरोपों को खारिज करता रहा है, जिनमें अमेरिकी जमीन पर लोगों को निशाना बनाने की साजिश रचने की बात कही जाती है।

ईरान पर आर्थिक प्रतिबंधों की रणनीति में अहम भूमिका

स्कॉट बेसेंट अमेरिकी प्रशासन की उस आर्थिक रणनीति के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं, जिसके जरिए ईरान पर दबाव बनाया जा रहा है। अमेरिकी वित्त मंत्रालय प्रतिबंधों और आर्थिक पाबंदियों के माध्यम से ईरान की तेल से होने वाली कमाई, वित्तीय नेटवर्क और पूंजी के लेनदेन को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है।

28 फरवरी को शुरू हुए अमेरिका-इजरायल युद्ध के बाद ईरान पर आर्थिक दबाव और बढ़ाया गया। अमेरिकी अधिकारियों ने ईरान के आय के स्रोतों और सैन्य गतिविधियों के लिए धन जुटाने की क्षमता को कमजोर करने के उद्देश्य से कई कदम उठाए। इसके तहत प्रतिबंधित व्यक्तियों, कंपनियों, समुद्री परिवहन नेटवर्क और तेल कारोबार से जुड़ी संस्थाओं को निशाने पर लिया गया।

सैन्य कार्रवाई के साथ आर्थिक मोर्चे पर भी दबाव

ईरान के खिलाफ अमेरिका की आर्थिक कार्रवाई के साथ सैन्य अभियान भी जारी रहा है। अमेरिकी और इजरायली सेनाओं ने ईरान के रणनीतिक ठिकानों और सैन्य प्रतिष्ठानों पर हवाई हमले किए हैं। इन हमलों में हजारों लोगों की मौत होने और व्यापक क्षेत्र में लाखों लोगों के विस्थापित होने की खबर है।

इस संघर्ष में ईरान के कई शीर्ष नेताओं की भी जान गई है। इनमें देश के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई भी शामिल हैं। वहीं, लेबनान में इजरायल के सैन्य अभियान तेज होने के कारण वहां भी मानवीय संकट गहराया है।

अधिकारियों की सुरक्षा बनी बड़ी चुनौती

अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध लंबा खिंचने के साथ दोनों देशों के बीच तनाव और गहरा गया है। ऐसे माहौल में अमेरिकी अधिकारियों को संभावित रूप से निशाना बनाए जाने की आशंका प्रशासन के लिए सुरक्षा संबंधी चुनौती बन गई है।

स्कॉट बेसेंट को सरकारी आवास से सैन्य अड्डे पर स्थानांतरित किए जाने का घटनाक्रम इसी बढ़ती चिंता के बीच सामने आया है। हालांकि, कथित धमकियों के पीछे ईरान की सीधी भूमिका और खतरे के वास्तविक स्तर की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। फिलहाल अमेरिकी प्रशासन के सामने अपने वरिष्ठ अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अहम प्राथमिकता है।

Related Articles

Back to top button