UP News : यूपी के युवाओं को मिलेंगे 25 लाख नए टैबलेट, सीएम योगी आज लखनऊ से करेंगे वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ
UP News : यूपी में युवाओं को 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट मिलेंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ आज लखनऊ से वितरण कार्यक्रम शुरू करेंगे। अब तक 60 लाख से अधिक युवाओं को स्मार्टफोन और टैबलेट दिए गए।

UP News : उत्तर प्रदेश के युवाओं को डिजिटल शिक्षा और आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए योगी सरकार 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरित करने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को लखनऊ से इस वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर युवाओं के सशक्तीकरण को लेकर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि आज का युवा अपनी प्रतिभा और परिश्रम के दम पर दुनिया में आगे बढ़ना चाहता है। उसे आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और आधुनिक संसाधनों की जरूरत है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत प्रदेश में अब तक 60 लाख से अधिक युवाओं को स्मार्टफोन और टैबलेट उपलब्ध कराए जा चुके हैं। अब इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरण की शुरुआत की जा रही है।
पूर्ववर्ती सरकारों पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में युवाओं के भविष्य और उनकी तकनीकी क्षमता को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई। युवाओं को अवसर और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने के बजाय उन्हें जाति, क्षेत्र और परिवारवाद की राजनीति में उलझाए रखा गया। उनकी प्रतिभा को तकनीक का साथ देने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
डिजिटल इंडिया के संकल्प को मिल रही मजबूती
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश सरकार युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ रही है। स्मार्टफोन और टैबलेट मिलने से विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा, ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और नई तकनीकों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।
संसाधनों की कमी प्रतिभा के आड़े नहीं आएगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि संसाधनों का अभाव किसी भी युवा की प्रतिभा और सफलता के रास्ते में बाधा न बने। उत्तर प्रदेश का हर नौजवान अपनी मेहनत और क्षमता के दम पर सफलता की नई कहानी लिखे। उन्होंने टैबलेट वितरण योजना के सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं भी दीं।
सरकार का मानना है कि युवाओं को तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराने से शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसरों तक उनकी पहुंच मजबूत होगी।



