adevertisment Adevertiisment banner

CSK: धोनी के मेंटॉर बनने पर पाकिस्तानी दिग्गज का बयान, बोले- युवा खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा फायदा

CSK: आईपीएल से संन्यास के बाद CSK से जुड़े रहेंगे माही, राशिद लतीफ ने की जमकर तारीफ

CSK: भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान और दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल को अलविदा कहने के बाद भी चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से अपना रिश्ता कायम रखा है। 17 नवंबर को आईपीएल से संन्यास लेने की घोषणा के बाद अब वह 2027 के सीजन में टीम के मेंटॉर की भूमिका निभाते नजर आएंगे। धोनी के इस नए सफर को लेकर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर राशिद लतीफ ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ड्रेसिंग रूम में धोनी की मौजूदगी युवा खिलाड़ियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में राशिद लतीफ ने धोनी के क्रिकेट करियर और उनकी नेतृत्व क्षमता की सराहना की। उन्होंने कहा कि धोनी एक सफल कप्तान रहे हैं और सात नंबर की जर्सी के साथ चेन्नई की पीली जर्सी को उन्होंने खास पहचान दिलाई है। भले ही अब वह मैदान पर खिलाड़ी के तौर पर नजर नहीं आएंगे, लेकिन चेपॉक स्टेडियम में उनके होने से पहले जैसा माहौल बना रह सकता है।

लतीफ के मुताबिक, मेंटॉर के रूप में धोनी का अनुभव आने वाली पीढ़ी के क्रिकेटरों के लिए बहुत फायदेमंद होगा। उन्होंने कहा कि धोनी ने लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट का नेतृत्व किया है और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए भी उनका योगदान बेहद अहम रहा है। उनके साथ खेल चुके कई खिलाड़ियों ने उनसे प्रेरणा ली है। अब ड्रेसिंग रूम में रहकर वह भारतीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के खिलाड़ियों को भी अपने अनुभव से लाभ पहुंचा सकते हैं।

राशिद लतीफ ने धोनी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह एक सच्चे भारतीय खिलाड़ी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आईपीएल में पाकिस्तान को छोड़कर दुनिया के कई देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं, इसलिए धोनी का मार्गदर्शन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के खिलाड़ियों के लिए भी उपयोगी हो सकता है।

सीएसके को पांच बार दिला चुके हैं खिताब

महेंद्र सिंह धोनी का चेन्नई सुपर किंग्स के साथ लंबा और सफल जुड़ाव रहा है। उन्होंने 200 से अधिक मुकाबलों में टीम की कप्तानी की और उनके नेतृत्व में सीएसके ने पांच बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की। धोनी की कप्तानी में टीम ने लगातार अपनी मजबूत पहचान बनाई।

आईपीएल 2022 में कुछ समय के लिए रवींद्र जडेजा को टीम की कमान सौंपी गई थी, लेकिन बाद में धोनी ने फिर से कप्तानी संभाल ली। इसके बाद 2024 में उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंप दी। अब आईपीएल 2027 में मेंटॉर के तौर पर उनकी नई भूमिका पर चेन्नई के प्रशंसकों के साथ-साथ क्रिकेट जगत की भी नजर रहेगी।

Related Articles

Back to top button