adevertisment Adevertiisment banner

Lucknow Zoo : 105 साल का हुआ लखनऊ चिड़ियाघर, आज भी बरकरार है वन्यजीवों को करीब से देखने का आकर्षण

Lucknow Zoo : लखनऊ चिड़ियाघर ने 105 वर्ष पूरे किए। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 13.23 लाख से अधिक दर्शक पहुंचे। स्थापना दिवस पर विशेष समारोह और वार्षिक रिपोर्ट का विमोचन हुआ।

लखनऊ चिड़ियाघर 105 साल, नवाब वाजिद अली शाह प्राणी उद्यान, लखनऊ जू की स्थापना वर्षगांठ, Lucknow Zoo 105th Anniversary, लखनऊ चिड़ियाघर में 13 लाख दर्शक, लखनऊ जू वार्षिक रिपोर्ट 2025-26, लखनऊ के पर्यटन स्थल, वन्यजीव संरक्षण, लखनऊ चिड़ियाघर, Lucknow Zoo, नवाब वाजिद अली शाह प्राणी उद्यान, लखनऊ न्यूज, उत्तर प्रदेश समाचार, वन्यजीव संरक्षण

  • स्थापना दिवस पर केक काटकर मनाया गया उत्सव
    फाल्कन पक्षी को प्राकृतिक परिवेश वाले बाड़े में छोड़ा गया

Lucknow Zoo : नवाब वाजिद अली शाह प्राणी उद्यान यानी लखनऊ चिड़ियाघर ने रविवार को अपने गौरवशाली इतिहास के 105 वर्ष पूरे कर लिए। एक सदी से अधिक का सफर तय कर चुका यह प्राणी उद्यान आज भी शहरवासियों और पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। बदलते दौर और शहर के विस्तार के बावजूद वन्यजीवों को करीब से देखने का लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ है। इसका प्रमाण वित्तीय वर्ष 2025-26 में चिड़ियाघर पहुंचने वाले 13 लाख 23 हजार 771 दर्शक हैं।

चिड़ियाघर के 105वें स्थापना दिवस पर परिसर में विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्राणी उद्यान के निदेशक संजय कुमार बिस्वाल और विशिष्ट अतिथि वन्यजीव प्रतिपालक केएन सुधीर, वन्यजीव चिकित्सक डॉ. अशोक कश्यप तथा डॉ. बृजेंद्र मणि यादव रहे। इस अवसर पर निदेशक ने फाल्कन पक्षी को उसके प्राकृतिक परिवेश के अनुरूप तैयार किए गए बाड़े में अवमुक्त किया। इसके बाद केक काटकर स्थापना दिवस मनाया गया। समारोह में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।

पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका निभाता है चिड़ियाघर : निदेशक

निदेशक संजय कुमार बिस्वाल ने कहा कि लखनऊ प्राणी उद्यान देश के प्राचीनतम चिड़ियाघरों में शामिल है। शहर के बीचोंबीच स्थित यह उद्यान वन्यजीव संरक्षण के साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यहां मौजूद पेड़-पौधे वातावरण को स्वच्छ रखने में मदद करते हैं। इसी वजह से इसे लखनऊ का फेफड़ा भी कहा जाता है। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों का संरक्षण और उनकी उचित देखभाल करना एक बड़ी जिम्मेदारी है।

एक साल में 13.23 लाख से अधिक लोगों ने किया भ्रमण

स्थापना दिवस समारोह के दौरान प्राणी उद्यान की वार्षिक रिपोर्ट का विमोचन किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 13,23,771 लोगों ने चिड़ियाघर का भ्रमण किया। इनमें 8,34,292 वयस्क, 2,56,679 बच्चे, 98,547 विद्यार्थी और पांच वर्ष से कम आयु के 1,34,253 बच्चे शामिल रहे। आंकड़े बताते हैं कि चिड़ियाघर बच्चों, विद्यार्थियों और परिवारों के लिए मनोरंजन के साथ प्रकृति एवं वन्यजीवों को समझने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बना हुआ है।

संवेदनशीलता के साथ हो वन्यजीवों की देखभाल

वन्यजीव चिकित्सक डॉ. अशोक कश्यप ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वन्यजीव भी भावनात्मक स्वभाव के होते हैं। इसलिए उनकी देखभाल केवल चिकित्सकीय जरूरतों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उनके प्रति संवेदनशीलता और समझ भी जरूरी है। समारोह के अंत में अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्राणी उद्यान की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखने और वन्यजीवों की बेहतर देखभाल के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button