Lucknow News : स्टैफोर्ड स्कूल का वार्षिकोत्सव ‘अभिव्यक्ति नवरस’, विद्यार्थियों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग
Lucknow News : लखनऊ के स्टैफोर्ड स्कूल के वार्षिकोत्सव 'अभिव्यक्ति नवरस' में विद्यार्थियों ने नौ रसों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। शिक्षकों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

Lucknow News : स्टैफोर्ड स्कूल, लाटूश रोड का वार्षिकोत्सव ‘अभिव्यक्ति नवरस’ रविवार को गोमती नगर स्थित संत गाडगे जी महाराज सभागार, उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी में धूमधाम से आयोजित किया गया। भारतीय नाट्यशास्त्र में वर्णित नौ रसों पर आधारित इस रंगारंग समारोह में विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी की उपाध्यक्ष विभा सिंह मौजूद रहीं। समारोह का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने श्रृंगार, हास्य, करुण, रौद्र, वीर, भयानक, बीभत्स, अद्भुत और शांत रस पर आधारित प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कलात्मक अभिव्यक्ति का दिखा अनूठा संगम
प्रत्येक प्रस्तुति में भारतीय संस्कृति, भावनाओं और कलात्मक अभिव्यक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, मंचीय कौशल और आत्मविश्वास से यह संदेश दिया कि कला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भावनाओं और विचारों को व्यक्त करने का सशक्त जरिया भी है।
प्रस्तुतियों की हुई सराहना
विद्यालय के निदेशक अम्बरीश बंसल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके परिश्रम, समर्पण और रचनात्मकता की प्रशंसा की। प्रधानाचार्या प्रियंका दुबे ने अतिथियों और अभिभावकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में कला, संस्कृति और रचनात्मक अभिव्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यालय का प्रयास प्रत्येक बच्चे को उसकी प्रतिभा निखारने और अपनी अलग पहचान बनाने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराना है।
शिक्षकों को भी किया गया सम्मानित
इस अवसर पर विद्यालय में पांच और दस वर्ष की सेवा पूरी करने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह का समापन सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और आयोजन से जुड़े सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ। ‘अभिव्यक्ति नवरस’ ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत को भी खूबसूरती से प्रस्तुत किया।



