adevertisment Adevertiisment banner

शरद पवार के घर हुई बैठक के बाद राष्ट्रमंच के नेताओं ने कहा- BJP के खिलाफ मोर्चा बनाने के लिए नहीं थी बैठक

नई दिल्ली। भाजपा विरोधी कई पार्टियों के नेताओं की एनसीपी प्रमुख शरद पवार के दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर मंगलवार को एक बैठक हुई. इसे बीजेपी के खिलाफ विपक्षी नेताओं के एकजुट होने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि बैठक में शामिल रहे विपक्षी नेताओं ने दावा किया है कि आज की उनकी बैठक बीजेपी के ख़िलाफ़ किसी मोर्चे के गठन के लिए नहीं बुलाई गई थी. बैठक में शामिल हुए नेताओं ने ये भी साफ़ किया कि इस बैठक का तीसरे मोर्चे के गठन से भी कोई लेना देना नहीं है.

ये भी साफ़ किया गया कि बैठक भले ही शरद पवार के घर पर हुई हो लेकिन बैठक यशवंत सिन्हा की अगुवाई वाले राष्ट्रमंच की तरफ़ से बुलाई गई थी. हालांकि बैठक के बाद शरद पवार ने सभी नेताओं के साथ फोटो ज़रुर खिंचवाई. बैठक में आठ राजनीतिक दलों के नेता शामिल हुए लेकिन कांग्रेस समेत कई अन्य विपक्षी नेता नदारद रहे.

बैठक में इन नेताओं ने भाग लिया
पवार के घर हुई बैठक में तृणमूल कांग्रेस से यशवंत सिन्हा , एनसीपी से माजिद मेमन और वंदना चव्हाण, नेशनल कांफ्रेंस से उमर अब्दुल्ला , आम आदमी पार्टी से सुशील गुप्ता , सीपीआई से विनय बिश्वम , सीपीएम से नीलोत्पल बसु , राष्ट्रीय लोकदल से जयंत चौधरी और समाजवादी पार्टी से घनश्याम तिवारी शामिल हुए. बैठक के बाद जानकारी दी गई कि कपिल सिब्बल , अभिषेक सिंघवी , विवेक तन्खा और शत्रुघ्न सिन्हा समेत कांग्रेस के पांच नेताओं को बुलाया गया था लेकिन इनमें से कोई नहीं आया.

बैठक में राजनीतिक दलों के नेताओं के अलावा पूर्व राजनयिक के सी सिंह , पूर्व राजनयिक और जेडीयू सांसद पवन वर्मा , दिल्ली हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस ए पी शाह , गीतकार जावेद अख़्तर और अर्थशास्त्री अरुण कुमार जैसे गैर राजनीतिक लोग भी बैठक में शरीक हुए . वैसे इनमें से सभी लोग सार्वजनिक तौर पर प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी नीतियों की आलोचना करते आए हैं.

Related Articles

Back to top button