adevertisment Adevertiisment banner

अखिलेश की गांधीगिरी, पूर्वांचल एक्स्प्रेस वे के उद्घाटन को लेकर कार्यकर्ता से की ये बड़ी अपील

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर सुरक्षा कारणों से ‘समाजवादी विजय रथ’ ले जाने की अनुमति नहीं मिलने के बाद गांधीगिरी का रास्ता अपनाते हुये पार्टी कार्यकर्ताओं से इस एक्सप्रेस वे पर मंगलवार को पुष्पवर्षा कर इसका उद्घाटन करने की अपील की है।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को सुल्तानपुर में इस पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का उद्घाटन करेंगे। इसी दिन अखिलेश ने गाजीपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से समाजवादी विजय रथ यात्रा निकालने की प्रशासन से अनुमति मांगी थी। गाजीपुर प्रशासन ने शनिवार को एक्सप्रेस वे पर प्रधानमंत्री की मौजूदगी में वायु सेना का एयर शो होने की वजह से सुरक्षा कारणों से समाजवादी विजय रथ ले जाने की अनुमति देने से मना कर दिया।

इस पर अखिलेश ने सोशल मीडिया के माध्यम से सपा कार्यकर्ताओं से एक्सप्रेस वे पर पुष्पवर्षा कर इसका सांकेतिक उद्घाटन करने की अपील की। उन्होंने कहा, “समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे’ जितने ज़िलों से होकर गुजर रहा है, उस हर ज़िले में 16 नवंबर को समाजवादी पार्टी की ज़िला कमेटी ‘समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे’ पर पुष्प वर्षा करके, अपने इस जनहितकारी काम का सांकेतिक उद्घाटन करेगी।”

गौरतलब है कि अखिलेश इस एक्सप्रेस वे को सपा सरकार में मंजूरी मिलने का हवाला देते हुये भाजपा सरकार पर लगातार आरोप लगा रहे हैं कि विकास के इस तरह के तमाम काम सपा सरकार में किये गये और भाजपा की याेगी सरकार इनके नाम और रंग बदलकर उद्घाटन कर रही है।

Related Articles

Back to top button