Lucknow News: एसएमएस लखनऊ में 5000 दीपों से सजी ‘जय श्रीराम’ की आकृति : अरविंद सिंह गोप
Lucknow News: 'Jai Shri Ram' formation created with 5,000 earthen lamps at SMS Lucknow: Arvind Singh Gope
Lucknow News:कौशल विकास के साथ विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और नैतिक मूल्यों से भी जुड़े रहना चाहिए। व्यावसायिक दक्षता के साथ संस्कारों और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्व समझना जरूरी है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति से जोड़ने का बेहतर माध्यम हैं। यह बातें बुधवार उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह गोप ने एसएमएस लखनऊ में आयोजित दीपावली एवं डांडिया नाइट समारोह में कहीं।
संस्थान परिसर में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि अरविंद सिंह गोप ने पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद संगीत और नृत्य के कार्यक्रमों ने समारोह में रंग जमाया। डीजे रिबेल और डीजे जेजे की धुनों पर विद्यार्थियों और अन्य अतिथियों ने जमकर नृत्य किया। कार्यक्रम का संचालन एंकर आयुषी ने किया।
दीपावली उत्सव को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप देने के लिए विद्यार्थियों ने परिसर में पांच हजार दीप प्रज्वलित किए। इन दीपों को सजाकर भगवान श्रीराम के जय श्रीराम स्वरूप की भव्य आकृति बनाई गई। दीपों से सजी इस आकृति के माध्यम से विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान प्रकट किया। आयोजन में यह प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. सीएम द्विवेदी ने कहा कि पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक और पाठ्येतर गतिविधियों में विद्यार्थियों की भागीदारी भी जरूरी है। इससे उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने का अच्छा अवसर बताया।
ला फिडुसी के अध्यक्ष यश सेंगर ने डांडिया नृत्य की विभिन्न श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। आयोजन समितियों के छात्र सदस्यों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने भविष्य में सांस्कृतिक, नवाचार और खेल गतिविधियों के आयोजन में सहयोग का भरोसा दिया।
एसएमएस लखनऊ के सचिव एवं सीईओ शरद सिंह और उनकी पत्नी श्वेता सिंह ने विद्यार्थियों तथा आयोजन समिति के सदस्यों को कार्यक्रम की सफलता पर बधाई दी। इस अवसर पर निदेशक डॉ. आशीष भटनागर, महानिदेशक (तकनीकी) प्रो. डॉ. भरत राज सिंह, एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. धर्मेंद्र सिंह, डीन एकेडमिक्स डॉ. मोहम्मद हुसैन, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. पीके सिंह, मुख्य महाप्रबंधक सुरेंद्र श्रीवास्तव, रजिस्ट्रार एसएन शुक्ला, संयुक्त निदेशक (प्रवेश) डॉ. वीबी सिंह, उप महाप्रबंधक राहुल अवस्थी सहित विभागाध्यक्ष, शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।



