adevertisment Adevertiisment banner

सीएम योगी के दिल्ली दौरे पर अखिलेश यादव ने कसा तंज, कहा- ‘पद भिक्षा’ के खतिर भटक रहे वो दिल्ली के दरबार

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिल्ली दौरे पर तंज कसा है. उन्होंने एक ट्वीट के जरिये सीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि, पद बचाने के लिये सबसे बड़े सूबे के मुखिया दिल्ली के दरबार में भटक रहे हैं. इसके अलावा उन्होंने कहा कि उनके बुरे दिन आ गये हैं.

बता दें कि, सीएम योगी आदित्यनाथ दो दिन के दौरे पर दिल्ली गये हुये हैं. यही नहीं, राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं. वहीं, सपा मुखिया ने कटाक्ष करते हुये ट्वीट किया कि, पद-भिक्षा’ की ख़ातिर, देश के सबसे बड़े सूबे के सूबेदार दुर्दिन ऐसे आए, दर-दर भटक रहे हैं वो दिल्ली के दरबार.

विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी बीजेपी

गौरतलब है कि, कोरोना काल के दौरान सरकार के प्रबंधन और राज्य में हुये पंचायत चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन को लेकर बीजेपी संगठन ने यूपी में मंत्रियों और विधायकों से बातचीत की थी. इसी दौरान राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों का दौर भी शुरू हो गया था. हालांकि, पार्टी के बड़े नेताओं ने इसे खारिज कर दिया था. वहीं, 2022 में होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव के लिये बीजेपी ने कवायद शुरू कर दी है. इस क्रम में प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ को दिल्ली बुलाया गया है. यही नहीं, कई पुराने सहयोगियों को भी मनाने की कोशिश भी शुरू कर गई है.

Related Articles

Back to top button