APEC Summit: APEC सम्मेलन में जुटीं तीन महाशक्तियां, जिनपिंग से ट्रंप और पुतिन की गर्मजोशी भरी मुलाकात
APEC Summit: शेनझेन में 21 देशों के नेता हुए शामिल, व्यापार समझौतों और सुपरइंटेलिजेंस पर ट्रंप ने रखी अमेरिका की बात
APEC Summit: चीन के दक्षिणी शहर शेनझेन में आयोजित एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (APEC) शिखर सम्मेलन में दुनिया की तीन प्रमुख शक्तियों के राष्ट्राध्यक्ष एक मंच पर नजर आए। गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की। इस दौरान तीनों नेताओं के बीच गर्मजोशी देखने को मिली। मुलाकात के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें वे एक-दूसरे से हाथ मिलाते और बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं।
इस सम्मेलन में अमेरिका और रूस सहित 21 सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष और प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। जिनपिंग से मुलाकात के बाद ट्रंप, पुतिन और अन्य देशों के नेताओं ने सम्मेलन में सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई। तीनों बड़े नेताओं की एक साथ मौजूदगी को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खास दिलचस्पी देखी जा रही है।
हाथ मिलाकर नेताओं ने किया अभिवादन
सम्मेलन से सामने आए दृश्यों में शी जिनपिंग पहले डोनाल्ड ट्रंप और फिर व्लादिमीर पुतिन से मिलते नजर आए। दोनों नेताओं के साथ उनकी बातचीत और हाथ मिलाने के अंदाज ने सबका ध्यान खींचा। एक ही मंच पर अमेरिका, रूस और चीन के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी ने इस आयोजन को कूटनीतिक लिहाज से भी महत्वपूर्ण बना दिया।
व्यापार समझौतों पर ट्रंप का जोर
सम्मेलन को संबोधित करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका कई देशों के साथ व्यापार समझौतों को लेकर बातचीत कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही बड़े देशों के साथ कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को ‘सुपरइंटेलिजेंस’ (SI) के क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व करने पर गर्व है। उनके मुताबिक, यह औद्योगिक क्रांति के बाद सबसे बड़ा तकनीकी बदलाव साबित हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि इस तकनीक का आविष्कार अमेरिकियों ने किया और इससे दुनिया भर में समृद्धि तथा विकास के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
सुपरइंटेलिजेंस के वैश्विक नियमन का विरोध
ट्रंप ने सुपरइंटेलिजेंस की संभावनाओं के साथ इससे जुड़े जोखिमों पर भी सतर्क रहने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि इस तकनीक के सकारात्मक पहलू बहुत व्यापक हैं, लेकिन इसके कुछ नकारात्मक प्रभाव भी हो सकते हैं। इसलिए इसके विकास और इस्तेमाल को लेकर सावधानी बरतना जरूरी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिका ऐसे किसी वैश्विक नियमन या व्यवस्था का समर्थन नहीं करेगा, जिससे सुपरइंटेलिजेंस की प्रगति पर रोक लगे या उसकी क्षमताएं सीमित हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका इस तकनीक के विकास की संभावनाओं को बाधित करने वाली कोशिशों का विरोध करेगा।
APEC सम्मेलन में तीन प्रमुख देशों के नेताओं की मुलाकात और ट्रंप का तकनीकी विकास तथा व्यापार समझौतों पर दिया गया बयान अंतरराष्ट्रीय राजनीति और अर्थव्यवस्था के लिहाज से चर्चा का विषय बना हुआ है।



