केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दोहरीघाट–मऊ–औंड़िहार मेमू ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, वाराणसी तक विस्तार की घोषणा

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दोहरीघाट–मऊ–औंड़िहार मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। जानें वाराणसी तक विस्तार, नई रेल सेवा और पूर्वांचल कनेक्टिविटी पर पूरी जानकारी।

गोरखपुर। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दोहरीघाट–औंड़िहार मेमू पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह नई दैनिक रेल सेवा पूर्वांचल क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी और मऊ एवं गाजीपुर जिलों के यात्रियों को किफायती, सुरक्षित तथा आरामदायक यात्रा सुविधा प्रदान करेगी।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार शर्मा, सांसद राजीव राय और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। रेल मंत्री ने घोषणा की कि इस मेमू सेवा का विस्तार जल्द ही वाराणसी तक किया जाएगा, जिससे यात्रियों को सांस्कृतिक और वाणिज्यिक केंद्र से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।

नई ट्रेन सादात, जखनियाँ, दुल्लहपुर, मऊ, इंदारा, कोपागंज, घोसी, अमिला और मुरादपुर जैसे स्टेशनों पर रुकेगी। इस सेवा से दैनिक यात्रियों, छात्रों, व्यापारियों और किसानों को लाभ मिलेगा तथा क्षेत्रीय व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

रेल मंत्री ने बताया कि इंदारा–दोहरीघाट लाइन को ब्रॉड गेज में बदलने के बाद क्षेत्र में रेल सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस समय बड़े पैमाने पर रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स चल रहे हैं, जिनमें नई लाइनें, दोहरीकरण और अमृत भारत स्टेशन विकास शामिल हैं।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि राज्य में 40 वंदे भारत और कई नई ट्रेन सेवाएं संचालित हो रही हैं। बुलेट ट्रेन कॉरिडोर सहित विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य तेजी से जारी है, जिससे भविष्य में प्रदेश की रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

Related Articles

Back to top button