adevertisment Adevertiisment banner

अयोध्या: भाजपा विधायक की रिहाई के लिए जगह-जगह हो रहे धार्मिक अनुष्ठान

अयोध्या। सजा पाकर जेल में बंद गोशाईगंज के भाजपा विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू की शीघ्र रिहाई के लिए जिले के कई स्थानों पर सुंदरकांड, हनुमान चालीसा का पाठ सहित विभिन्न प्रकार के धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। जगह-जगह होने वाले कर्मकांडों में हजारों की संख्या में लोग पहुंचकर विधायक के ग्रहों की शांति के भगवान से आराधना भी कर रहे हैं। मिलकीपुर विधायक बाबा गोरखनाथ भी कई स्थानों पर अनुष्ठान करवा रहे हैं।

क्षेत्र के सिद्धनाथ मंदिर पर रविवार को सुंदरकांड व हनुमान चालीसा का पाठ कर विधायक गोरखनाथ बाबा ने गोसाईगंज विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू को संबल प्रदान करने हेतु बजरंगबली से प्रार्थना की। सुबह 10 बजे सैकड़ों लोगों की उपस्थिति में सुंदरकांड का पाठ हुआ। भाजपा जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार पांडे खुन्नू, शीतल बाजपेई, देवेंद्र मणि त्रिपाठी सल्ले, राम सजीवन मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य अंकित पांडे, भवानीफेर मिश्रा आदि उपस्थित रहे।

इन जगहों पर भी अनुष्ठान

-बीकापुर के तोरोमाफी स्थित सीताकुंड हनुमानगढ़ी पर भी सुंदरकांड पाठ व प्रसाद वितरण किया जा रहा है। पिछले 3 दिनों से यह प्रक्रिया चल रही है।

-सिद्ध मनोकामना मंदिर मोतीगंज में सुंदरकांड का पाठ हुआ। राजमणि तिवारी, गुड्डू, रिंकू, राकेश, सोहन व सुनील सहित हजारों लोग शामिल हुए।

-भरतकुंड महोत्सव न्यास के संत परमात्मा दास व न्यास अध्यक्ष अंजनी कुमार पांडेय द्वारा सोमवार को रामकथा के बाद शाम 7 से 8 तक सुंदरकांड का पाठ आयोजन किया गया है।

यह है मामला
अयोध्या जिले की गोशाईगंज विधानसभा से इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू विधायक हैं। फर्जी अंकपत्र के आधार पर अगली कक्षा में प्रवेश लेने के करीब 29 साल पुराने मामले में कोर्ट ने खब्बू समेत तीन लोगों को पांच-पांच साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। साकेत महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर यदुवंश राम त्रिपाठी ने 18 फरवरी 1992 में इंद्र प्रताप तिवारी उर्फ खब्बू, फूलचंद यादव और कृपा निधान तिवारी के खिलाफ एफआईआर रामजन्मभूमि थाने में लिखाई गई थी।

Related Articles

Back to top button