adevertisment Adevertiisment banner

अयोध्या: आदर्श गांव के विकास में हुए भ्रष्टाचार की जांच करने पहुंची टीम

अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद लल्लू सिंह ने जिस गांव को गोद लिया है उस गांव के विकास कार्यों में धांधली की शिकायत के बाद शासन के निर्देश पर तीन सदस्यीय टीम गुरुवार को गांव पहुंची और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। आदर्श गांव तिन्दौली निवासी रणधीर सिंह ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री के जनता दरबार में की थी। शिकायत के बाद गांव में जांच करने पहुंची टीम ने शौचालय, सामुदायिक शौचालय, नाली, खड़ंजा से संबंधित मामले की जांच की।

ग्राम प्रधान व शिकायतकर्ता के बीच इस बीच तू-तू मैं-मैं भी हुई। गहमागहमी के बीच किसी तरह अधिकारियों ने जांच संपन्न कराया। जिला पंचायत राज अधिकारी शीतला प्रसाद सिंह, जिला विकास अधिकारी प्रदीप कुमार पांडे तथा खंड विकास अधिकारी अमानीगंज अनीस पांडेय ने कहा कि मनोज के घर से गूलरतारा तथा रणजीत के घर से गूलरतारा तक बनाई गई नाली का मामला वित्तीय अनियमितता की श्रेणी में आता है। मनोज के घर से गूलर तारा तक नाली का निर्माण ही नहीं किया गया है।

इस मामले में शिकायतकर्ता रणधीर सिंह का कहना है कि उपरोक्त नाली के लिए 16 लाख रुपए का भुगतान किया गया है। तो वहीं जिला पंचायत राज अधिकारी शीतला प्रसाद सिंह ने कहा कि छह लाख रुपए इस नाली निर्माण के लिए निकाला गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने कहा कि कैसबुक से मिलान करने के बाद मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।

बताते चलें कि अमानीगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत तिंदौली अयोध्या और अमेठी जनपद की सीमा पर स्थित है। यह गांव विकास की किरण से कोसों दूर था जिसे सांसद लल्लू सिंह ने अपने पिछले कार्यकाल में सांसद आदर्श गांव के रूप में गोद लिया था और विकास की तमाम योजनाओं को यहां लागू किया गया। लेकिन गांव में बजबजाती हुई नालियां इस बात की गवाह हैं कि गांव में विकास की किरण अब तक नहीं पहुंची है। देखना होगा कि अब जांच के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

Related Articles

Back to top button