Bharat Summit 2026: भारत समिट पर सियासी घमासान, भाजपा ने राहुल गांधी और कांग्रेस को घेरा
Bharat Summit 2026: सीआर केसवन ने सम्मेलन को बताया ‘भारत बदनाम समिट’, बंदी संजय कुमार ने भी साधा निशाना; राहुल ने लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया पर उठाए थे सवाल
Bharat Summit 2026: हैदराबाद में आयोजित भारत समिट 2026 के मंच से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से दिए गए बयानों को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी पर अंतरराष्ट्रीय मंच से भारत और उसकी लोकतांत्रिक व्यवस्था की छवि खराब करने का आरोप लगाया है। भाजपा नेता सीआर केसवन ने सम्मेलन को ‘भारत बदनाम समिट’ करार दिया, जबकि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने इसे ‘भारत विरोधी सम्मेलन’ बताया।
सीआर केसवन ने राहुल गांधी के साथ-साथ कांग्रेस के आयोजन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने सम्मेलन में शामिल विदेशी प्रतिनिधियों की पृष्ठभूमि और जॉर्ज सोरोस से कथित तौर पर जुड़े संगठनों के साथ उनके संबंधों को लेकर स्पष्टीकरण मांगा। वहीं, बंदी संजय कुमार ने राहुल गांधी के लोकतंत्र संबंधी बयानों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के आपातकाल और परिवार आधारित राजनीति का मुद्दा उठाया।
विदेशी प्रतिनिधियों के संबंधों पर सीआर केसवन ने मांगा जवाब
भाजपा नेता सीआर केसवन ने रविवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि कांग्रेस की ओर से आयोजित भारत समिट में राहुल गांधी और उनके सहयोगियों ने देश तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां कीं। उन्होंने सम्मेलन में शामिल कुछ विदेशी प्रतिनिधियों की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए।
केसवन ने कांग्रेस से मांग की कि कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले विदेशी प्रतिनिधियों की पृष्ठभूमि सार्वजनिक की जाए। साथ ही यह भी बताया जाए कि इन प्रतिनिधियों के कथित तौर पर अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस से जुड़े और वित्त पोषित संगठनों के साथ क्या संबंध हैं।
उन्होंने कहा कि भारत के आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप की किसी भी कोशिश को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। केसवन ने राहुल गांधी के पुराने बयान ‘यह सिर्फ भारत की लड़ाई नहीं है’ का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि विदेशी प्रतिनिधियों को भारतीय लोकतंत्र के खिलाफ बोलने के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना एक बड़ी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है।
भाजपा नेता ने यह भी दावा किया कि राहुल गांधी और उनसे जुड़े लोग विदेशी ताकतों की मदद से भारतीय लोकतंत्र को अस्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी कोशिशें सफल नहीं होंगी और कांग्रेस को इसका राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
राहुल गांधी ने चुनाव प्रक्रिया और लोकतंत्र पर उठाए सवाल
सीआर केसवन की प्रतिक्रिया भारत समिट 2026 के समापन सत्र में राहुल गांधी के संबोधन के एक दिन बाद आई। हैदराबाद में आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के अलावा करीब 70 देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था।
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 में भारत का लोकतंत्र समाप्त कर दिया गया था। उन्होंने दावा किया कि उस चुनाव के दौरान राजनीतिक व्यवस्था में बड़े पैमाने पर धन का इस्तेमाल हुआ, जिससे देश का चुनावी परिदृश्य बदल गया। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, राहुल गांधी ने 2014 के चुनाव में राजनीतिक व्यवस्था में करोड़ों डॉलर लगाए जाने की बात कही।
राहुल गांधी ने मतदाता सूची में संशोधन और नए मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा हटाने की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए उन्होंने दावा किया कि तीन महीने के भीतर 70 लाख नए मतदाता जोड़े गए और आरोप लगाया कि इन सभी ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया।
उन्होंने कारोबार, शिक्षा जगत और राजनीति में कथित तौर पर फासीवादी सोच रखने वाले लोगों की मौजूदगी पर भी टिप्पणी की। राहुल गांधी के मुताबिक, जब संस्थागत व्यवस्थाएं कमजोर पड़ती हैं, तब ऐसी ताकतों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक से ऐसी ताकतें लगातार सक्रिय रही हैं।
बंदी संजय कुमार ने आपातकाल और परिवारवाद का मुद्दा उठाया
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने भी भारत समिट की आलोचना करते हुए इसे पूरी तरह विफल और ‘भारत विरोधी सम्मेलन’ बताया। उन्होंने राहुल गांधी की लोकतंत्र संबंधी समझ पर सवाल उठाए और कांग्रेस के शासनकाल में लगाए गए आपातकाल तथा पार्टी में परिवार आधारित नेतृत्व का जिक्र किया।
कुमार ने सवाल किया कि क्या लोकतंत्र का अर्थ यह है कि एक ही परिवार दशकों तक देश पर शासन करे? क्या राहुल गांधी के लिए लोकतंत्र का मतलब पूरी राजनीतिक पार्टी को एक परिवार के नियंत्रण में रखना है?
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने विदेशी प्रतिनिधियों के सामने भारत के आंतरिक राजनीतिक मुद्दे उठाकर देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। मतदाता सूची से 14 करोड़ वोट हटाए जाने संबंधी राहुल गांधी के आरोपों पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी।
बंदी संजय कुमार ने कहा कि मतदाता सूची से मृत व्यक्तियों, एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं और स्थायी रूप से दूसरी जगह जा चुके लोगों के नाम हटाना जरूरी है। उनके मुताबिक, ऐसी प्रक्रिया मतदाता सूची को सही बनाए रखने के लिए आवश्यक है।
चुनावी खर्च के आरोप पर सबूत देने की चुनौती
बंदी संजय कुमार ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए जाने संबंधी राहुल गांधी के आरोपों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी के पास इस दावे से जुड़े प्रमाण हैं तो उन्हें निर्वाचन आयोग के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कानूनी कार्रवाई के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाने की चुनौती भी दी।
कुमार ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि चुनावी नतीजे पार्टी के पक्ष में नहीं आने पर वह लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठाने लगती है। भारत समिट में राहुल गांधी के संबोधन के बाद भाजपा नेताओं की लगातार प्रतिक्रियाओं से इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।



