Narendra Modi: जनजातीय गौरव दिवस पर पीएम मोदी का कांग्रेस पर निशाना
Narendra Modi: बोले- पहले विदेशी सोच से तय होते थे उत्सव, अब देश अपनी विरासत और नायकों पर कर रहा गर्व
Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पहले देश में कई दिवस और उत्सव विदेशी नजरिए को ध्यान में रखकर तय किए जाते थे, लेकिन अब भारत अपनी संस्कृति, विरासत, इतिहास और महान नायकों को स्वदेशी स्वाभिमान के साथ याद कर रहा है। प्रधानमंत्री के इस बयान को कांग्रेस पर राजनीतिक तंज के रूप में देखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय चेतना में आया यह बदलाव देश की सोच और आत्मगौरव को दर्शाता है। जनजातीय गौरव दिवस की शुरुआत 15 नवंबर 2021 को हुई थी और आज यह आयोजन राष्ट्रीय उत्सव का रूप ले चुका है। उन्होंने कार्यक्रम से जुड़े देशभर के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
जनजातीय समाज के गौरव से जुड़ा है यह पर्व
पीएम मोदी ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के सम्मान और गौरव से जुड़ा पर्व है। इस दिन भगवान बिरसा मुंडा की प्रेरणादायक विरासत को भी याद किया जाता है। देश के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित कार्यक्रमों के जरिए आदिवासी समाज के योगदान और उसके नायकों के संघर्ष को सम्मान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि 15 नवंबर 2021 से शुरू हुई जनजातीय गौरव दिवस मनाने की परंपरा अब देशव्यापी उत्सव बन चुकी है। पिछले वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर देशभर में दो लाख से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इन आयोजनों में करोड़ों लोगों ने भागीदारी की थी।
बिरसा मुंडा का संघर्ष आज भी प्रेरणा
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश के विभिन्न हिस्सों में जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भारत अपने आदिवासी नायक-नायिकाओं को गर्व और सम्मान के साथ याद कर रहा है। भगवान बिरसा मुंडा का उलगुलान और बेहद कम उम्र में किया गया उनका संघर्ष आज भी करोड़ों लोगों को प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के नायकों का योगदान देश के इतिहास और राष्ट्रीय चेतना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को उनके संघर्ष, साहस और बलिदान के बारे में जानने का अवसर मिलता है।



