Bihar News: पप्पू यादव पर कथित हमले के विरोध में जाप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
Bihar News: JAP workers protest against the alleged attack on Pappu Yadav.
Bihar News:पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव पर दिल्ली स्थित उनके सरकारी आवास पर हुए कथित हमले के विरोध में सोमवार को जन अधिकार पार्टी (जाप) के कार्यकर्ताओं ने लोहिया नगर चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का पुतला दहन कर घटना के प्रति आक्रोश जताया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष नंदकुमार चौधरी ने की। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में किसी भी जनप्रतिनिधि पर इस प्रकार का हमला गंभीर और निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे जन अधिकार पार्टी स्वीकार नहीं करेगी।
प्रदर्शन के दौरान जाप नेताओं ने दावा किया कि सांसद पप्पू यादव पर उस समय हमला किया गया, जब वे अपने दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। उनके अनुसार, कुछ लोगों ने जूते-चप्पल फेंके और अभद्र व्यवहार किया। पार्टी नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में मुकेश कुमार, सुभाष, उदय, मुकेश यादव, पप्पू कुमार, ललन भगत, पुरुषोत्तम कुमार, ज्योतिष कुमार, रवि यादव, उदय मंडल, राहुल कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नोट: पप्पू यादव पर हमले और उससे जुड़े आरोप संबंधित पक्षों के दावे हैं। मामले की जांच और आधिकारिक पुष्टि संबंधित एजेंसियों द्वारा की जानी शेष है।
Read Also-Lucknow News: यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 13 वरिष्ठ IAS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां



