adevertisment Adevertiisment banner

YouTube addiction : 67 हजार फॉलोअर्स के बावजूद अपनों का दिल नहीं जीत सका किशोर, यूट्यूब चैनल को लेकर घर से हुआ था फरार

सोशल मीडिया पर पहचान और कमाई की चाह में एक किशोर अपने ही परिवार से दूर हो गया।

YouTube addiction :  कौशाम्बी के बैगवा फतेहपुर क्षेत्र निवासी 13 वर्षीय किशोर ने यूट्यूब पर चैनल बनाकर करीब 67 हजार फॉलोअर्स जुटा लिए थे, लेकिन वीडियो बनाने को लेकर परिजनों की नाराजगी के चलते वह घर से फरार हो गया।
किशोर मोटिवेशनल वीडियो बनाकर यूट्यूब पर अपलोड करता था और चैनल को मोनिटाइज कर आय अर्जित करना चाहता था।
परिजन उसकी पढ़ाई को लेकर चिंतित थे और वीडियो बनाने पर रोक लगा रहे थे। इसी बात से नाराज होकर किशोर मुंबई जाने की योजना बनाकर घर छोड़कर चला गया।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तलाश शुरू की।

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के निर्देशन में पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस के जरिए किशोर की लोकेशन ट्रेस की। करीब 18 दिन बाद किशोर को प्रयागराज के सिविल लाइंस क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में किशोर ने बताया कि वह भविष्य में यूट्यूब से नियमित कमाई करना चाहता था। फिलहाल उसका चैनल मोनिटाइज नहीं हुआ था, लेकिन वह इसके लिए प्रयासरत था। बताया गया कि वह महीने में 25 से 30 हजार रुपये कमाने की उम्मीद कर रहा था।
बरामदगी के बाद किशोर को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां उसे चाइल्ड लाइन के संरक्षण में रखा गया है। सोमवार को उसकी काउंसलिंग की जाएगी, जिसके आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा कि उसे परिजनों को सौंपा जाए या किसी शैक्षणिक संस्थान में भेजा जाए।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए अभिभावकों और बच्चों के बीच संवाद बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य को लेकर कोई गलत कदम न उठाया जाए। पुलिस की तत्परता से किशोर की सुरक्षित बरामदगी होने पर परिजनों ने राहत की सांस ली है।

Related Articles

Back to top button