UP Politics: रायबरेली में CM योगी का अजय राय पर बड़ा हमला, बोले- मंदिर में दंडवत और बाहर मछली की दावत… गिरगिट भी शर्मा जाए

रायबरेली की जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर जमकर निशाना साधा। अयोध्या में हनुमानगढ़ी और राम मंदिर के दर्शन के बाद कथित मछली भोज को लेकर योगी ने कांग्रेस नेता पर तीखा तंज कसा।

UP Politics: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को रायबरेली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर जोरदार हमला बोला। अयोध्या में अजय राय के हनुमानगढ़ी और राम मंदिर दर्शन के बाद सामने आए कथित मछली भोज के वीडियो को लेकर सीएम योगी ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मंदिर में राम-राम और बजरंग बली के सामने दंडवत करने के बाद बाहर निकलकर मछली की दावत उड़ाई जा रही है। योगी ने तंज कसते हुए कहा कि यह देखकर तो गिरगिट भी शर्मा जाए।

अयोध्या दौरे को लेकर अजय राय पर निशाना

दरअसल, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय रविवार, 23 अगस्त को पार्टी नेताओं के साथ अयोध्या पहुंचे थे। यहां उन्होंने सबसे पहले हनुमानगढ़ी में बजरंग बली के दर्शन किए और हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद उन्होंने राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन किए।

अयोध्या दौरे के बाद अजय राय तारुन स्थित अर्पित मैरिज लॉन में आयोजित सम्मान समारोह में शामिल हुए। इसी कार्यक्रम के दौरान मछली पकाए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो वायरल होने के बाद इसको लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई।

‘गिरगिट भी शर्मा जाए’

रायबरेली की जनसभा में सीएम योगी ने इसी मामले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक तरफ मंदिर में राम-राम का जाप किया जाता है और बजरंग बली के सामने दंडवत किया जाता है, जबकि बाहर निकलने के बाद मछली की दावत उड़ाई जाती है।

योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेता के इस कथित आचरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा देखकर तो गिरगिट भी शर्मा जाए कि मनुष्य के रूप में यह कौन सी प्रजाति आ गई है।

UP Politics: ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर पलटवार, 27% आरक्षण को लेकर साधा निशाना; बोले- फिजूल की बातें कर रहे हैं

अवधेश राय हत्याकांड का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन के दौरान अजय राय के भाई अवधेश राय की हत्या का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अजय राय के भाई की हत्या एक माफिया ने की थी और आरोप लगाया कि अजय राय उस माफिया के खिलाफ बयान देने के लिए आगे नहीं आए।

योगी ने दावा किया कि बीजेपी सरकार बनने के बाद प्रदेश में माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। उन्होंने विपक्षी दलों पर उत्तर प्रदेश को माफिया प्रदेश बनाने का आरोप भी लगाया।

‘आज यूपी में पहचान का संकट नहीं’

सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकारों में उत्तर प्रदेश की पहचान माफिया और अपराध से जोड़कर देखी जाती थी। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सरकार में कानून व्यवस्था को मजबूत किया गया और माफिया के खिलाफ कार्रवाई हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के लोगों के सामने अपनी पहचान को लेकर किसी तरह का संकट नहीं है। उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर राजनीतिक दिखावे की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता सब कुछ देख रही है।

Related Articles

Back to top button