UP Sugar Mills: यूपी में 96 चीनी मिलों ने शुरू की पेराई, गन्ना किसानों को तेजी से मिल रहा भुगतान
UP Sugar Mills: मुख्यमंत्री के निर्देश पर भुगतान प्रक्रिया की निगरानी कर रहा विभाग
UP Sugar Mills: उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों को समय पर उनकी उपज का मूल्य दिलाने और चीनी मिलों की पेराई व्यवस्था को गति देने पर सरकार का जोर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद पेराई सत्र 2026-27 में प्रदेश की 96 चीनी मिलों ने काम शुरू कर दिया है। इन मिलों में अब तक कुल 707 लाख कुंतल गन्ने की पेराई की जा चुकी है, जिससे 63.80 लाख कुंतल चीनी का उत्पादन हुआ है।
गन्ना पेराई के साथ किसानों को भुगतान की प्रक्रिया भी तेज की गई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, अब तक देय गन्ना मूल्य 552.23 करोड़ रुपये के मुकाबले चीनी मिलों की ओर से शत-प्रतिशत से अधिक भुगतान किसानों के बैंक खातों में सीधे भेजा जा चुका है। पेराई के शुरुआती दौर से ही भुगतान पर जोर दिए जाने से किसानों को अपनी उपज की कीमत के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ रहा है।
निजी क्षेत्र की 78, सहकारी क्षेत्र की 17 मिलें कर रहीं पेराई
गन्ना आयुक्त भवानी सिंह खंगारौत ने बताया कि मौजूदा पेराई सत्र में प्रदेश की कुल 96 चीनी मिलों ने उत्पादन कार्य शुरू कर दिया है। इनमें निजी क्षेत्र की 78, सहकारी क्षेत्र की 17 और निगम क्षेत्र की एक चीनी मिल शामिल है। इन सभी मिलों में गन्ने की पेराई का काम जारी है।
उन्होंने बताया कि अब तक कुल 707 लाख कुंतल गन्ने की पेराई से 63.80 लाख कुंतल चीनी तैयार की जा चुकी है। विभाग की ओर से मिलों के संचालन और किसानों को होने वाले भुगतान की लगातार निगरानी की जा रही है।
हरियावां मिल ने पेराई में बनाया पहला स्थान
पेराई सत्र में अब तक सबसे अधिक गन्ना हरदोई जिले की हरियावां चीनी मिल ने पेरा है। इस मिल में 22.41 लाख कुंतल गन्ने की पेराई दर्ज की गई है। दूसरे स्थान पर सीतापुर की हरगांव चीनी मिल है, जहां 21.94 लाख कुंतल गन्ने की पेराई हुई है। वहीं मुजफ्फरनगर की खतौली चीनी मिल 20.95 लाख कुंतल गन्ने की पेराई के साथ तीसरे स्थान पर है।
सबसे अधिक गन्ना पेराई करने वाली मिलें:
- हरियावां चीनी मिल, हरदोई: 22.41 लाख कुंतल
- हरगांव चीनी मिल, सीतापुर: 21.94 लाख कुंतल
- खतौली चीनी मिल, मुजफ्फरनगर: 20.95 लाख कुंतल
अजबापुर मिल ने किसानों को किया सबसे ज्यादा भुगतान
किसानों को गन्ना मूल्य चुकाने के मामले में लखीमपुर खीरी की अजबापुर चीनी मिल (डीसीएम ग्रुप) सबसे आगे रही है। इस मिल की ओर से अब तक 82 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। मेरठ की मवाना चीनी मिल ने 62 करोड़ रुपये और सीतापुर की हरगांव चीनी मिल ने 60.42 करोड़ रुपये किसानों के खातों में भेजे हैं।
सबसे अधिक भुगतान करने वाली चीनी मिलें:
- अजबापुर-डीसीएम ग्रुप, लखीमपुर खीरी: 82 करोड़ रुपये
- मवाना चीनी मिल, मेरठ: 62 करोड़ रुपये
- हरगांव चीनी मिल, सीतापुर: 60.42 करोड़ रुपये
भुगतान की निगरानी कर रहा गन्ना विभाग
गन्ना आयुक्त भवानी सिंह खंगारौत के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गन्ना किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने, उनके सम्मान और उपज का उचित मूल्य समय पर दिलाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत चीनी मिलों को प्राथमिकता के आधार पर किसानों का बकाया भुगतान जल्द करने को कहा गया है।
उन्होंने बताया कि विभाग लगातार भुगतान प्रक्रिया की समीक्षा कर रहा है, ताकि किसानों को उनकी उपज का पैसा सीधे बैंक खातों में मिल सके। सरकार का जोर है कि गन्ना आपूर्ति के बाद किसानों को भुगतान के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और बिचौलियों की भूमिका भी खत्म हो।



