CPGRAMS Portal : CPGRAMS की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, दो गांवों में सड़क-नाली की समस्या का हुआ समाधान

CPGRAMS Portal : CPGRAMS पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के बाद उत्तर प्रदेश के बलिया और महाराजगंज की ग्राम पंचायतों में सड़क, सीवर और जलनिकासी की समस्याओं का समाधान हुआ।

CPGRAMS Portal : उत्तर प्रदेश के बलिया और महाराजगंज जिलों की दो ग्राम पंचायतों में लंबे समय से चली आ रही बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान केंद्रीयकृत जन शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली (CPGRAMS) के जरिए हुआ है। ग्रामीणों द्वारा पोर्टल पर दर्ज शिकायतों पर पंचायती राज मंत्रालय और उत्तर प्रदेश सरकार की त्वरित कार्रवाई के बाद सड़क निर्माण, सीवर लाइन और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया गया, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।

बलिया के गोवापुर में बनी नई सड़क, खत्म हुई जलभराव की समस्या

बलिया जिले की गोवापुर ग्राम पंचायत में ग्रामीण काफी समय से जर्जर सड़क, जलभराव और सीवर से उठने वाली दुर्गंध की समस्या से जूझ रहे थे। खराब सड़क के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा था, जबकि जलभराव से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा था।

स्थानीय स्तर पर समाधान नहीं मिलने पर गांव के निवासी विशाल मौर्य ने फोटो सहित अपनी शिकायत CPGRAMS पोर्टल पर दर्ज कराई। शिकायत पर पंचायती राज मंत्रालय ने संज्ञान लेते हुए इसे राज्य सरकार को भेजा। इसके बाद ग्राम पंचायत को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कार्रवाई के तहत गांव में नई सड़क का निर्माण कराया गया और सीवर लाइन विकसित की गई। इससे जलभराव की समस्या समाप्त हो गई तथा ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने लगी। इस शिकायत का पंजीकरण संख्या MOPRJ/E/2025/0008066 है।

महाराजगंज के सिसवा राजा में नालियों की सफाई से सुधरी जलनिकासी

महाराजगंज जिले की सिसवा राजा ग्राम पंचायत में जाम नालियों के कारण बारिश के दौरान सड़कों पर पानी भर जाता था। इससे ग्रामीणों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

गांव के निवासी निष्कर्ष यादव ने इस समस्या की शिकायत CPGRAMS पोर्टल पर दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पंचायती राज मंत्रालय ने इसे राज्य सरकार को अग्रेषित किया। निर्देश मिलते ही ग्राम पंचायत ने जाम नालियों की सफाई कराकर जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु कर दिया। अब नालियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और जलभराव की समस्या समाप्त हो गई है। इस शिकायत का पंजीकरण संख्या MOPRJ/E/2025/0003883 है।

ग्रामीणों के लिए प्रभावी साबित हो रहा है CPGRAMS

बलिया के गोवापुर और महाराजगंज के सिसवा राजा की ये दोनों घटनाएं दर्शाती हैं कि CPGRAMS नागरिकों की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण का एक मजबूत माध्यम बनकर उभरा है। पंचायती राज मंत्रालय, राज्य सरकार और स्थानीय ग्राम पंचायतों के समन्वित प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो रहा है, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button