PM Modi Visit : भारत-नीदरलैंड के बीच 17 बड़े समझौते, रणनीतिक साझेदारी को मिली नई मजबूती

PM Modi Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीदरलैंड यात्रा के दौरान भारत और नीदरलैंड के बीच 17 अहम समझौते हुए। सेमीकंडक्टर, ग्रीन हाइड्रोजन, कृषि, स्वास्थ्य और रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती मिली।

PM Modi Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 15 से 17 मई 2026 तक की नीदरलैंड यात्रा के दौरान भारत और नीदरलैंड के रिश्तों को नई रणनीतिक मजबूती मिली। हेग में प्रधानमंत्री मोदी और नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के बीच हुई वार्ता में दोनों देशों ने 17 महत्वपूर्ण समझौतों और साझेदारियों पर सहमति जताई।

दोनों देशों ने 2026-2030 के लिए ‘इंडिया-नीदरलैंड स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप रोडमैप’ जारी किया। इसका उद्देश्य तकनीकी सहयोग, निवेश, हरित ऊर्जा, जल प्रबंधन और रोजगार सृजन को बढ़ावा देना है।

सेमीकंडक्टर और ग्रीन एनर्जी पर फोकस

भारत के सेमीकंडक्टर मिशन को बड़ा समर्थन देते हुए टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और एएसएमएल के बीच गुजरात के धोलेरा में सेमीकंडक्टर फैब परियोजना के लिए समझौता हुआ। इसके अलावा ग्रीन हाइड्रोजन, रिन्यूएबल एनर्जी, क्रिटिकल मिनरल्स और ऊर्जा परिवर्तन परियोजनाओं पर सहयोग बढ़ाने के लिए भी कई एमओयू साइन किए गए। गुजरात की महत्वाकांक्षी कल्पसर परियोजना में तकनीकी सहयोग को लेकर भी दोनों देशों में सहमति बनी।

कृषि, डेयरी और स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग

कृषि क्षेत्र में पश्चिम त्रिपुरा में इंडो-डच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर फ्लावर्स स्थापित किया जाएगा, जबकि बेंगलुरु में डेयरी ट्रेनिंग सेंटर शुरू करने का फैसला लिया गया।

स्वास्थ्य क्षेत्र में इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) और नीदरलैंड के आरआईवीएम के बीच सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।

सांस्कृतिक और शैक्षणिक रिश्तों को भी बढ़ावा

दोनों देशों ने सांस्कृतिक सहयोग के तहत ऐतिहासिक चोल ताम्रपत्र भारत लौटाने का फैसला किया। इसके साथ ही उच्च शिक्षा, अकादमिक सहयोग और सीमा शुल्क से जुड़े कई समझौतों पर भी हस्ताक्षर हुए।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, ये समझौते भारत और नीदरलैंड के द्विपक्षीय रिश्तों को नई ऊंचाई देंगे।

स्वीडन में पीएम मोदी का ग्रैंड वेलकम

यूरोप दौरे के अगले चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को स्वीडन पहुंच गए। स्वीडन की हवाई सीमा में प्रवेश करते ही स्वीडिश वायुसेना के आधुनिक ग्रिपेन लड़ाकू विमानों ने उनके विमान को एस्कॉर्ट किया। इसे विशेष सम्मान और सुरक्षा का प्रतीक माना जाता है।

गुटेनबर्ग एयरपोर्ट पर स्वीडन के प्रधानमंत्री ने खुद पीएम मोदी का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने रणनीतिक साझेदारी और द्विपक्षीय सहयोग को लेकर चर्चा की।

43 साल बाद नॉर्वे पहुंचेंगे भारतीय प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18-19 मई को नॉर्वे की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। पिछले 43 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली नॉर्वे यात्रा होगी।

दौरे के दौरान पीएम मोदी नॉर्वे के राजा हेराल्ड पंचम, रानी सोन्या और प्रधानमंत्री जोनस गार स्टोरे से मुलाकात करेंगे। साथ ही वह भारत-नॉर्वे व्यापार एवं अनुसंधान शिखर सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।

Related Articles

Back to top button