Internatonal Update: GFS Galaxy पर हमले के बाद भारत का बयान, 11 भारतीयों में 10 सुरक्षित; एक नाविक अब भी लापता
ओमान तट के पास कमर्शियल जहाज पर हमले के बाद विदेश मंत्रालय ने जताई चिंता, अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों की सुरक्षा और कूटनीतिक समाधान पर दिया जोर।
Internatonal Update: ओमान के तट के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के निकट कमर्शियल जहाज GFS Galaxy पर हुए हमले के बाद भारत सरकार ने आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि जहाज पर सवार 11 भारतीय नागरिकों में से 10 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नाविक अभी भी लापता है और उसकी तलाश जारी है।
विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि क्षेत्र में व्यावसायिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमले गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने सभी पक्षों से तनाव कम करने और कूटनीतिक समाधान की दिशा में प्रयास तेज करने की अपील की।
विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर जहाजों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित की जानी चाहिए तथा नागरिकों और आवश्यक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की घटनाएं तुरंत रुकनी चाहिए।
एक भारतीय नाविक की तलाश जारी
हमले के समय जहाज पर कुल 11 भारतीय नाविक मौजूद थे। अधिकारियों के अनुसार, 10 भारतीय सुरक्षित हैं, जबकि एक नाविक अब भी लापता है। उसकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
क्षेत्र में बढ़ा तनाव
इस घटना के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है। अमेरिका ने इस हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया है और जवाबी कार्रवाई की बात कही है। हालांकि, ईरान की ओर से इन आरोपों पर क्या आधिकारिक प्रतिक्रिया दी गई है, यह स्पष्ट नहीं है।
भारत ने अपने बयान में किसी पक्ष का नाम लिए बिना सभी संबंधित देशों से संयम बरतने और क्षेत्र में शांति बहाल करने की अपील की है।
नोट: अमेरिका द्वारा ईरान पर लगाए गए आरोप और सैन्य कार्रवाई के दावे संबंधित पक्षों के आधिकारिक बयानों पर आधारित हैं। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।



