adevertisment Adevertiisment banner

IPL फ्रेंचाइजियों ने साउथ अफ्रीकी टी-20 लीग की सभी 6 टीमें खरीद लीं

जोहान्सबर्ग। IPL की तर्ज पर साउथ अफ्रीका में जनवरी 2023 से टी-20 लीग शुरू होने वाली है। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग (IPL) के मालिकों ने इस लीग की सभी टीमों को खरीद लिया है। ESPN की एक रिपोर्ट के अनुसार मुंबई इंडियंस के अंबानी परिवार, चेन्नई सुपर किंग्स के एन. श्रीनिवासन, दिल्ली कैपिटल के पार्थ जिंदल, सनराइजर्स हैदराबाद के मारन परिवार, लखनऊ सुपर जायंट्स के संजीव गोयनका और राजस्थान रॉयल्स के मनोज बडाले ने इस लीग में छह फ्रेंचाइजी खरीदी हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स ने अनौपचारिक नीलामी में सबसे ऊंची बोली लगाई है और उन्हें जोहान्सबर्ग फ्रेंचाइजी मिली है। मुंबई इंडियंस ने केपटाउन टीम, जबकि सन टीवी ग्रुप जो सनराइजर्स हैदराबाद के मालिक हैं,को पोर्ट एलिजाबेथ फ्रेंचाइजी मिली है। लखनऊ के संजीव गोयनका ने डरबन की टीम को चुना है। वहीं, राजस्थान रॉयल्स ने पार्ल टीम को खरीदा है। दिल्ली कैपिटल्स की टीम प्रिटोरिया रहेगी। जल्द ही साउथ अफ्रीका बोर्ड नए मालिकों की औपचारिक घोषणा करेगा।
साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ इस लीग के कमिश्नर होंगे। यह पहला मौका है जब एक क्रिकेटर ही किसी टी-20 फ्रेंचाइजी लीग को लीड करेगा। इस लीग को शुरू करने का आइडिया IPL के पूर्व चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर सुंदर रमन का है।
टूर्नामेंट की टीमें खरीदने के लिए बोली लगाने की समय सीमा शुरू में 11 जुलाई थी, जिसे बाद में 13 जुलाई तक बढ़ा दिया गया था। टीम के निवेशकों को उनकी सफल बोलियों के बारे में सूचित कर दिया गया है। मुंबई और चेन्नई ने सबसे बड़ी बोली लगाई है, जो 250 करोड़ रुपए के करीब है। IPL मॉडल की तरह प्रत्येक फ्रेंचाइजी को 10 साल के लिए फ्रेंचाइजी शुल्क का 10 प्रतिशत का भुगतान करना होगा।
UAE में जनवरी 2023 में ही एक और टी-20 लीग खेली जानी है जो साउथ अफ्रीकी लीग की तारीखों का टकराव करेगा। उसकी भी शुरुआत जनवरी-फरवरी, 2023 तक हो सकती है। ऐसे में दोनों लीग के आयोजकों के बीच बात हुई है और कहा गया है कि इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर, लियाम लिविंगस्टोन समेत कई खिलाड़ी साउथ अफ्रीका की लीग में खेलने के लिए इच्छुक हैं। हालांकि, मोईन अली यूएई लीग में खेलने के लिए राजी हो गए हैं।

वेस्‍टइंडीज के खिलाड़‍ियों ने भी UAE लीग में खेलने में दिलचस्‍पी दिखाई है, जबकि ड्वेन ब्रावो दक्षिण अफ्रीकी लीग में चेन्नई की फ्रेंचाइजी का हिस्‍सा बन सकते हैं। फाफ डु प्‍लेसिस ने भी अपने देश की लीग को पहली पसंद बताया है। वहीं, भारतीय खिलाड़ी इस लीग का हिस्सा होंगे या नहीं इसको लेकर अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है।
शाहरुख खान की कोलकाता नाइट राइडर्स IPL के साथ-साथ कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में भी खेलती है। वहीं, UAE लीग में भी वो टीम खरीदने वाले हैं। ये उनकी तीसरी क्रिकेट टीम होगी। UAE में बड़ी संख्या में शाहरुख के फैन हैं। इस कारण वो इस लीग में भी निवेश करने वाले हैं।

Related Articles

Back to top button