International News: ईरान की अमेरिका-इजरायल को कड़ी चेतावनी! खामेनेई के अंतिम संस्कार के दौरान हमला हुआ तो मिलेगा ‘भयानक जवाब’

अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार से पहले ईरान ने अमेरिका और इजरायल को सख्त चेतावनी दी है। सैन्य अधिकारियों का कहना है कि यदि इस दौरान किसी भी तरह का हमला हुआ तो उसका जवाब तत्काल, कड़ा और 'भयानक' होगा।

International News: अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच ईरान ने अमेरिका और इजरायल को सख्त चेतावनी जारी की है। ईरानी सेना के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि यदि अंतिम संस्कार के दौरान या उससे जुड़े कार्यक्रमों के समय देश पर किसी तरह का हमला किया गया, तो उसका जवाब बेहद कड़ा और निर्णायक होगा।

सरकारी मीडिया के अनुसार, ईरान के खातम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के कमांडर मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही ने कहा कि ईरान के विरोधी किसी भी तरह की “गलतफहमी” में न रहें। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ईरानी सेना देश की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है और किसी भी खतरे या हमले का जवाब ऐसा होगा जिसे दुश्मन लंबे समय तक याद रखेंगे।

कब होगा अंतिम संस्कार?

अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार का जुलूस 4 जुलाई से राजधानी तेहरान में शुरू होगा। इसके बाद विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और 9 जुलाई को उनके गृहनगर मशहद में दफन की प्रक्रिया पूरी होगी। इस दौरान कोम और इराक में भी श्रद्धांजलि सभाएं और धार्मिक आयोजन प्रस्तावित हैं।

सेना ने क्या कहा?

मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही ने कहा कि अंतिम संस्कार के दौरान ईरान के दुश्मनों को किसी भी सैन्य कार्रवाई से बचना चाहिए। उनका कहना था कि यदि किसी भी प्रकार की आक्रामक कार्रवाई की गई, तो ईरानी सेना उसका “कड़ा और पछतावा कराने वाला” जवाब देगी।

ईरानी सैन्य नेतृत्व का दावा है कि देश की सुरक्षा एजेंसियां और सशस्त्र बल पूरे कार्यक्रम के दौरान हाई अलर्ट पर रहेंगे।

विदेश मंत्री अब्बास अराघची का भी अमेरिका पर निशाना

इससे पहले ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने भी अमेरिका को चेतावनी देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ किसी भी तरह की धमकी या सैन्य कार्रवाई का जवाब तुरंत और मजबूती से दिया जाएगा।

अराघची ने अपने बयान में अमेरिका और इजरायल पर निशाना साधते हुए कहा कि क्षेत्रीय तनाव बढ़ाने की किसी भी कोशिश का ईरान मुंहतोड़ जवाब देगा।

International News: यूएन में गरजा भारत, कहा- आतंकी सिर्फ आतंकी होता है, नहीं चलेगा दोहरा रवैया

बढ़ा क्षेत्रीय तनाव

खामेनेई के अंतिम संस्कार से पहले ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। मध्य पूर्व में पहले से मौजूद तनाव के बीच ईरान की ताजा चेतावनी ने क्षेत्र की सुरक्षा चिंताओं को और बढ़ा दिया है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर अब अंतिम संस्कार के दौरान होने वाली गतिविधियों और क्षेत्रीय घटनाक्रम पर बनी हुई है।

Written By: Ekta Verma

Related Articles

Back to top button