Kangra Valley Railway : कांगड़ा नैरो गेज ट्रेन सेवा 4 साल बाद बहाल, सांसद अनुराग ठाकुर ने दिखाई हरी झंडी
Kangra Valley Railway : कांगड़ा वैली नैरो गेज ट्रेन सेवा 2 जून 2026 से फिर शुरू हो गई है। पुल संख्या 32 के पुनर्निर्माण के बाद अनुराग ठाकुर ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। जानें पूरी खबर।
Kangra Valley Railway : हिमाचल प्रदेश की ऐतिहासिक कांगड़ा वैली नैरो गेज रेलवे लाइन पर ट्रेन सेवा एक बार फिर शुरू हो गई है। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने पुल संख्या 32 के पुनर्निर्माण के बाद 2 जून 2026 से पठानकोट-कांगड़ा नैरो गेज रेल सेवा को बहाल कर दिया है।
सेवा बहाली के अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर, लोकसभा सांसद राजीव भारद्वाज तथा विधायक पवन कुमार काजल ने कांगड़ा रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में जम्मू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, रेलवे कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि अगस्त 2022 में हिमाचल प्रदेश में हुई भारी बारिश और बाढ़ के कारण चक्की नदी पर स्थित ब्रिटिश कालीन पुल संख्या 32 बह गया था। इसके अलावा भूस्खलन से रेलवे ट्रैक को भी भारी नुकसान पहुंचा था, जिसके चलते सुरक्षा कारणों से इस रूट पर रेल सेवाएं बंद कर दी गई थीं।
उत्तर रेलवे ने आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए युद्धस्तर पर पुल संख्या 32 का पुनर्निर्माण कार्य पूरा किया। सुरक्षा मानकों की विस्तृत जांच के बाद अब इस सेक्शन पर यात्री ट्रेन संचालन को फिर से शुरू कर दिया गया है।
मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि कांगड़ा नैरो गेज रेलवे लाइन हिमाचल प्रदेश की महत्वपूर्ण धरोहर है। रेल सेवा शुरू होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय व्यापारियों को भी आर्थिक लाभ मिलेगा।
जनप्रतिनिधियों ने रेलवे के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि पुल संख्या 32 के पुनर्निर्माण से क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। रेलवे ने यात्रियों से रेल सेवा का अधिकतम उपयोग करने और रेलवे संपत्तियों की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की है।



