Kavya Maran: चेन्नई में काव्या मारन की रिसेप्शन पार्टी, धोनी-रश्मिका समेत कई दिग्गज शामिल
Kavya Maran: चेन्नई में आयोजित दूसरे वेडिंग रिसेप्शन में रश्मिका मंदाना, विजय देवरकोंडा, नयनतारा और आकाश अंबानी समेत कई चर्चित चेहरे पहुंचे
Kavya Maran: सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन और मशहूर संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर की शादी का जश्न जारी है। रविवार, 22 नवंबर को चेन्नई में दोनों ने दूसरा भव्य वेडिंग रिसेप्शन आयोजित किया। इस समारोह में फिल्म, क्रिकेट और कारोबारी जगत की कई नामचीन हस्तियों ने शिरकत की। पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी से लेकर सुपरस्टार रजनीकांत और अभिनेत्री रश्मिका मंदाना तक की मौजूदगी ने समारोह को खास बना दिया। कार्यक्रम की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
शादी के बाद आयोजित इस दूसरे रिसेप्शन में काव्या और अनिरुद्ध का अंदाज पहले दिन से काफी अलग नजर आया। शनिवार को हुए समारोह में दोनों पारंपरिक रंगों के परिधानों में दिखाई दिए थे, जबकि रविवार के आयोजन के लिए उन्होंने मॉडर्न लुक चुना।
सफेद गाउन में दिखीं काव्या, अनिरुद्ध का अंदाज भी रहा खास
दूसरे रिसेप्शन में काव्या मारन सफेद रंग के बॉडीकॉन गाउन में नजर आईं। ऑफ-शोल्डर डिजाइन वाले इस गाउन पर फूलों की बारीक कढ़ाई की गई थी। उन्होंने डायमंड नेकलेस और खुले वेवी हेयर के साथ अपना लुक पूरा किया। वहीं, अनिरुद्ध रविचंदर काली शर्ट और मैचिंग ट्राउजर के साथ सफेद ब्लेजर पहने दिखाई दिए।
इससे पहले शनिवार को हुए रिसेप्शन में काव्या ने डिजाइनर अनामिका खन्ना का तैयार किया हुआ लाल रंग का फ्लोरल आउटफिट पहना था। अनिरुद्ध मरून और काले रंग की जैकेट में नजर आए थे, जिस पर गोल्ड और सिल्वर रंग की बारीक कढ़ाई की गई थी।
धोनी, एटली और नयनतारा की तस्वीरें चर्चा में
रिसेप्शन में एमएस धोनी और फिल्म निर्देशक एटली की एक साथ तस्वीर ने सोशल मीडिया पर खास ध्यान खींचा। इसके अलावा एटली अपनी पत्नी प्रिया एटली, धोनी अपनी पत्नी साक्षी, अभिनेत्री नयनतारा और उनके पति विग्नेश शिवन के साथ एक ही फ्रेम में नजर आए। इस तस्वीर को भी सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है।
समारोह में दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत, अभिनेता अजित कुमार, विजय देवरकोंडा और अभिनेत्री रश्मिका मंदाना भी शामिल हुए। इन सितारों की मौजूदगी से रिसेप्शन की रौनक और बढ़ गई।
आकाश अंबानी पत्नी श्लोका के साथ पहुंचे
इस समारोह में कारोबारी जगत की ओर से रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के बड़े बेटे आकाश अंबानी भी पहुंचे। वह अपनी पत्नी श्लोका मेहता के साथ रिसेप्शन में शामिल हुए। दोनों ने समारोह के दौरान साथ में तस्वीरें भी खिंचवाईं।
11 नवंबर को ग्रीस में हुई थी शादी
काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर ने 11 नवंबर को ग्रीस में एक निजी समारोह में शादी की थी। विवाह के बाद दोनों चेन्नई लौटे, जहां शादी के जश्न के तहत भव्य रिसेप्शन आयोजित किए जा रहे हैं। दूसरे रिसेप्शन में फिल्मी सितारों, क्रिकेटरों और कारोबारियों की मौजूदगी ने इस आयोजन को सुर्खियों में ला दिया।



