UP Politics : ‘सपा के 25-26 सांसद पार्टी छोड़ने को तैयार’, डिप्टी सीएम केशव मौर्य और राजभर के दावों से सरगर्मी बढ़ी
UP Politics : उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद पार्टी छोड़ने को तैयार हैं। अखिलेश यादव ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि जो डर जाएगा, वही पार्टी छोड़ेगा।
UP Politics : उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर द्वारा समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट का दावा किए जाने के बाद अब उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी इसी तरह का बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के 25 से 26 सांसद पार्टी छोड़ने के लिए तैयार बैठे हैं, हालांकि भाजपा किसी भी दल को तोड़ने की राजनीति नहीं करती।
भाजपा किसी दल को तोड़ने में विश्वास नहीं करती
कानपुर में आयोजित भाजपा के प्रबुद्ध सम्मेलन में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल में टूट कराना नहीं है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कई सांसद खुद असंतुष्ट हैं और पार्टी छोड़ने की स्थिति में हैं, लेकिन भाजपा इस तरह की राजनीति नहीं करती।
सपा की स्थिति और कमजोर होगी
मौर्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा ने जिस तरह तृणमूल कांग्रेस को कड़ी चुनौती दी है, उसी तरह उत्तर प्रदेश में भी समाजवादी पार्टी की राजनीतिक स्थिति लगातार कमजोर होगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता एक बार फिर भाजपा को सत्ता में लाएगी, जबकि समाजवादी पार्टी केवल सम्मेलन और बयानबाजी तक सीमित रह जाएगी।
अखिलेश यादव का पलटवार
केशव मौर्य और ओमप्रकाश राजभर के बयानों पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जो डर जाएगा, वही पार्टी छोड़कर जाएगा। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा पहले भी कई दलों के नेताओं को दबाव और लालच के जरिए अपने साथ जोड़ती रही है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा के कुछ विधायक भी पाला बदलने के लिए तैयार बैठे हैं। ऐसे में दोनों प्रमुख दलों के नेताओं के बयानों से उत्तर प्रदेश की सियासत एक बार फिर गर्मा गई है।



