कुशीनगर: प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, परिजना ने डॉक्टर पर लगाया यह गंभीर आरोप
कुशीनगर। जनपद के हनुमानगंज थाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान चिकित्सक की लापरवाही से जच्चा-बच्चा की मौत हो जाने से परिजनों में कोहराम मचा है। डॉक्टर पर इलाज के नाम पर 40 हजार रुपये हड़पने व लापरवाही से दोनों को मार डालने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने पुलिस व एसडीएम से शिकायत की है।
हनुमानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बोधीछपरा के एडीओ टोला निवासी छोटेलाल जायसवाल ने बताया है कि उनकी पुत्री शोभा उम्र 26 वर्ष पत्नी प्रदीप जायसवाल मायके में एडीओ टोला में ही रह रही थी। शोभा गर्भवती थी। शनिवार को प्रसव पीड़ा शुरू हुई तो छोटेलाल प्रसव के लिए नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के कोटवा बाजार स्थित एक अस्पताल में लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने खून कम होने की बात कहते हुए पहले तो ऑपरेशन करने से इनकार कर दिया। छोटेलाल ने दूसरे अस्पताल में रेफर करने को कहा तो डॉक्टर ने भरोसा दिलाया कि ऑपरेशन कर देंगे, लेकिन 40 हजार रुपये लगेंगे। विवशता में रुपये देने पड़े।
आरोप है कि डॉक्टर ने लापरवाही से ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान रात के करीब दस बजे पहले बच्चे व बाद में शोभा की मौत हो गई। परिजनों के ऐतराज करने पर डॉक्टर ने शव के साथ परिजनों को खदेड़ दिया। रविवार की शाम को हनुमानगंज थाने में तहरीर देने के बाद शोभा के ससुराल वाले शव को लेकर बिहार के चौतरवा चले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। हनुमानगंज पुलिस छानबीन में जुटी हुई है। हनुमानगंज थाने के एसओ पंकज गुप्ता ने बताया कि घटना की जानकारी है। तहरीर मिलने के बाद जांच-पड़ताल की जा रही है। उसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



