adevertisment Adevertiisment banner

लखनऊ: आलू व शकरकंद मिलाकर बेच रहे थे खोया, ऐसे हुआ खुलासा

लखनऊ। चारबाग के राजामंडी में आलू और शकरकंद मिलाकर घटिया खोया बेचा जा रहा था। एफएसडीए की छापेमारी में यह खुलासा हुआ है। अधिकारियों को देखते ही व्यापारी टोकरियां छोड़कर भाग खड़े हुए। 26 व्यापारियों से लिए गए खोया के नमूनों में से पांच में मिलावट की पुष्टि हुई है। पांच में से चार व्यापारी मौके से भाग निकले। एफएसडीए ने मौके पर एक कुंतल मिलावटी खोया नष्ट करा दिया। मुख्तार सहित पांचों व्यापारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी है।

त्योहार के मौके पर मिलावटखोर अधिक ​मुनाफा कमाने के लिए खाद्य पदार्थों में मिलावट से परहेज नहीं करते हैं। खोया, दूध, पनीर, रिफाइंड, तेल सहित अन्य खाद्य सामग्री में मिलावट के मामले बढ़ जाते हैं। खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग एफएसडीए लगातार अभियान चला रहा है। एफएसडीए टीम ने नाका स्थित राजा मंडी पर छापेमारी कर खोया के 26 नमूने लिए। टीम को देखते ही खोया व्यापारी भाग खड़े हुए। अभिहित अधिकारी एसपी सिंह ने बताया कि टीम के साथ चलती फिरती लैब फूड सेफ्टी आन व्हील भी थी। मौके पर ही लिए गए सैम्पल की रिपोर्ट मिल गयी। जिसमें से खोया के पांच नमूनों में स्टार्च की मिलावट पायी गयी। मौके पर एक कुंटल खोया नष्ट करा दिया गया।

घर पर कर सकते हैं मिलावट की पहचान
खोया और खोया से बनी मिठाइयों में मिलावट की पहचान घर बैठे की जा सकती है। एफएसडीए के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि थोड़ा खोया लेकर उसे गरम पानी में मिलाकर मदर टिंचर की दो बूंद डालने पर यदि रंग नीला हो जाए तो स्टार्च की मिलावट है। खोया में अधिकांश लोग आलू, शकरकंद, चावल का आटा, मैदा और सूजी की मिलावट करते हैं।

Related Articles

Back to top button