Lucknow News: लखनऊ के वरिष्ठ पत्रकारों का एक विशेष दल कुंडा पहुंचा
Lucknow News: A special team of senior journalists from Lucknow reached Kunda.
Lucknow News:वरिष्ठ पत्रकारों के विशेष दौरे की शुरुआत रायबरेली जाते समय निगोहां के आगे स्थित प्रसिद्ध चुऊवा हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ हुई। इसके बाद पत्रकारों का दल रायबरेली क्लब पहुंचा, जहां वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र सिंह के जन्मदिन सप्ताह के समापन समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
इस अवसर पर रायबरेली प्रेस क्लब के अध्यक्ष प्रेम नारायण द्विवेदी ने लखनऊ से पहुंचे वरिष्ठ पत्रकार विजय शंकर ‘पंकज’, सुरेश बहादुर सिंह, शाश्वत तिवारी, अमरेंद्र प्रताप सिंह और आशीष तिवारी को विशेष उपहार भेंट कर सम्मानित किया।
रायबरेली से रवाना होने के बाद पत्रकारों का दल सीधे प्रतापगढ़ जिले की कुंडा विधानसभा क्षेत्र स्थित बेंती राजभवन पहुंचा। यहां जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के आयोजन में होने वाली बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की चार दिवसीय श्रीराम कथा की तैयारियों का जायजा लिया।
17 नवंबर से 20 नवंबर तक होगा आयोजन
बेंती राजभवन स्थित योगीराज देवरहा बाबा कथा मंडपम में 17 से 20 नवंबर तक श्रीराम कथा और दिव्य दरबार का आयोजन प्रस्तावित है। कार्यक्रम के अनुसार 17, 18 और 19 नवंबर को पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री श्रीराम कथा सुनाएंगे, जबकि 20 नवंबर को दिव्य दरबार आयोजित होगा। कथा प्रतिदिन दोपहर करीब 2:30 बजे से शुरू होने की जानकारी दी गई है।
560 फीट लंबा बनाया गया मुख्य पंडाल
आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। मुख्य कथा पंडाल करीब 560 फीट लंबा और 100 फीट चौड़ा बनाया गया है। इसके अतिरिक्त दोनों तरफ 54 फीट चौड़े और 400 फीट लंबे दो अन्य पंडाल तैयार किए गए हैं।
कथावाचक के लिए 80×48 फीट का विशेष मंच बनाया गया है। आयोजन स्थल पर हेलीपैड की व्यवस्था भी की गई है। देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए लगभग 20 से 25 हजार लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही चारों दिन 24 घंटे भंडारे और नाश्ते की व्यवस्था रहेगी।
पाकिस्तान से आए 500 हिंदू शरणार्थियों को विशेष आमंत्रण
इस आयोजन का एक विशेष पहलू राजस्थान के जोधपुर स्थित शिविर में रह रहे पाकिस्तान से आए करीब 500 हिंदू शरणार्थियों की भागीदारी है। राजा भैया की ओर से इन्हें विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।
इनके रहने और भोजन के लिए अलग से टेंट की व्यवस्था की गई है। कथा में शामिल होने के बाद इन श्रद्धालुओं को 10 बसों के माध्यम से प्रयागराज संगम, अयोध्या और काशी विश्वनाथ के दर्शन कराने की योजना भी बनाई गई है।
आठ स्थानों से निकली भव्य महा कलश यात्रा
आयोजन के प्रचार-प्रसार और धार्मिक माहौल बनाने के लिए 16 नवंबर को कुंडा क्षेत्र के आठ अलग-अलग स्थानों से महा कलश यात्राएं निकाली गईं। इनमें हीरागंज, कालाकांकर और बाबागंज सहित कई प्रमुख क्षेत्र शामिल रहे।
इन यात्राओं का नेतृत्व राजा भैया के पुत्रों और एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह ने किया। आयोजन से जुड़े लोगों के मुताबिक, लगभग 200 गांवों और 50 नगर पंचायतों तक धार्मिक आयोजन का संदेश पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। यात्राओं का समापन बेंती राजभवन में निर्धारित किया गया।
सुरक्षा के लिए करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और वीआईपी आगमन को देखते हुए प्रतापगढ़ पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को नौ सेक्टर और सात जोन में बांटा गया है। इसके लिए एक एसपी, तीन एएसपी और छह सीओ स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। आयोजन स्थल पर करीब 200 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की जानकारी है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 16 से 20 नवंबर तक रूट डायवर्जन भी लागू किया गया है।
राजनीतिक चर्चाओं के बीच धार्मिक आयोजन
इस आयोजन को लेकर धार्मिक गतिविधियों के साथ राजनीतिक बयानबाजी भी चर्चा में रही है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पूर्व में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के विवादित बयानों के संदर्भ में उनके कार्यक्रमों पर रोक लगाने की मांग की थी। वहीं राजा भैया ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का समर्थन करते हुए कहा था कि वह हिंदू समाज को जागरूक करने का प्रयास कर रहे हैं।
आयोजन में बाबा रामदेव, सतुआ बाबा और टी. राजा सहित कई चर्चित हस्तियों के शामिल होने की चर्चाएं भी हैं।
कुल मिलाकर बेंती राजभवन में होने जा रहा यह आयोजन कुंडा के लिए धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशाल पंडाल, श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था, पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थियों की सहभागिता और व्यापक सुरक्षा इंतजाम इसे क्षेत्र के बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल कर रहे हैं।
रिपोर्ट: शाश्वत तिवारी



