adevertisment Adevertiisment banner

महाराष्ट्र: गढ़चिरौली में मुठभेड़ में पेरिमिली दलम के कमांडर बिट्लू मदावी समेत तीन नक्सली ढेर

गढ़चिरौली। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में पुलिस के साथ मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केदवाड़ा वन क्षेत्र में रविवार शाम यह मुठभेड़ हुई। अधिकारियों के अनुसार उन्हें विश्वस्त सूत्रों से जानकारी मिली कि नक्लियों के पेरीमीली और आहेरी दलम के सदस्य माने राजाराम और पेरीमीली सशस्त्र चौकी के बीच एक जंगल में रुके हुए हैं।

उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के बाद प्रन्हिता से पुलिस की सी-60 फोर्स की दो टुकड़ियों को वन क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाने के लिए भेजा गया। तलाशी अभियान के दौरान नक्सलियों ने पुलिस पर गोली चला दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से तीन नक्सलियों के शव, हथियार और अन्य सामग्री बरामद की गयी। मृतकों की पहचान पेरिमिली दलम के कमांडर बिट्लू मदावी और अन्य दो शवों की पहचान पेरिमिली दलम के वासु और अहेरी दलम के श्रीकांत के रूप में हुई।

अधिकारियों ने बताया कि बिटलू मदावी गत 09 मार्च को छात्र साईनाथ नरोटे की हत्या के साथ-साथ इस साल फरवरी और मार्च में विसामुंडी तथा अलेंगा में सड़क निर्माण उपकरण की आगजनी की दो घटनाओं में मुख्य आरोपी था। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान तेज कर दिया गया है और तलाशी अभियान जारी है।

Related Articles

Back to top button