मऊ। गाजीपुर हत्याकांड, पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट

मऊ। गाजीपुर जिले के करंडा थाना क्षेत्र के कठरिया गांव में मासूम निशा विश्वकर्मा के साथ हुई दरिंदगी और उसकी नृशंस हत्या के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। सोमवार को पीड़ित परिवार को सांत्वना देने और न्याय की मांग के लिए गाजीपुर कूच कर रहे कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को पुलिस ने मऊ में ही रोक दिया। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव समेत कई वरिष्ठ नेताओं को उनके आवास पर ‘हाउस अरेस्ट’ (नजरबंद) कर दिया।

लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप

जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव के नेतृत्व में पार्टी का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल आज कठरिया गांव के लिए रवाना होने वाला था। लेकिन, प्रस्थान से पहले ही पुलिस बल ने उनके आवास की घेराबंदी कर दी और उन्हें घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई।

इस प्रशासनिक कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस पार्टी जिला अध्यक्ष मऊ राजमंगल यादव ने कहा “एक मासूम के साथ हुई जघन्य वारदात ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। पीड़ित परिवार से मिलना और उन्हें सांत्वना देना हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है। प्रशासन हमें नजरबंद कर के हमारी आवाज दबाना चाहता है। ऐसा प्रतीत होता है कि प्रशासन दोषियों को बचाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन हम इस दमनकारी नीति के आगे झुकेंगे नहीं।

प्रशासनिक आदेश के बाद मऊ में जिन प्रमुख नेताओं को उनके घरों पर नजरबंद किया गया, उनमें शामिल हैं:

मनोज गिहार, फ़हद क़ादिर, अमरनाथ योगी, हफीजुर्रहमान अंसारी, आफ़ताब सिद्दीकी, सुरेश राजभर, अरविंद यादव, अमरेश यादव, नजीर अहमद

न्याय की मांग और चेतावनी

पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि मासूम निशा के हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार कर उन्हें कठोरतम सजा दी जाए। साथ ही, पीड़ित परिवार को उचित सुरक्षा और न्याय दिलाने की अपील की गई है। नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Also Read: Entertainment Update: गुपचुप शादी में बंधीं मेहरीन पीरजादा, 4 साल पहले टूटी थी सगाई, अब अर्श औलख संग शुरू की नई जिंदगी

इस घटना के बाद से ही क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट है।

जिला संवाददाता- एक संदेश मऊ

 

Related Articles

Back to top button