Mau CRO Protest: मऊ में CRO के खिलाफ अधिवक्ताओं का विरोध जारी, न्यायालय के बहिष्कार का फैसला बरकरार
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन की आम सभा में सर्वसम्मति से निर्णय, 22 जुलाई को अगली बैठक में आंदोलन की आगे की रणनीति होगी तय।
Mau CRO Protest: ख्य राजस्व अधिकारी (CRO) के खिलाफ अधिवक्ताओं का विरोध लगातार जारी है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन की आम सभा अध्यक्ष दिनेश राय की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मुख्य राजस्व अधिकारी के न्यायालय का बहिष्कार फिलहाल जारी रहेगा।
बैठक में अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि मुख्य राजस्व अधिकारी द्वारा अधिवक्ताओं के साथ अमर्यादित व्यवहार किया जा रहा है तथा नियमों की अनदेखी करते हुए एकतरफा कार्यवाहियां की जा रही हैं। हालांकि, वादकारियों को असुविधा न हो, इसके लिए अन्य न्यायालयों में न्यायिक कार्य सामान्य रूप से जारी रखने का निर्णय लिया गया।
बैठक में पूर्व मंत्री संजय सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश सिंह, पूर्व अध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह, वर्तमान मंत्री सतिराम यादव, वरिष्ठ अधिवक्ता चेत सिंह, बी.बी. सिंह, पूर्व अध्यक्ष उधौ यादव और जवाहिर प्रजापति सहित कई अधिवक्ताओं ने मुख्य राजस्व अधिकारी की कार्यशैली की आलोचना करते हुए आंदोलन जारी रखने की बात कही।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश राय ने कहा कि अधिवक्ताओं का सम्मान सर्वोपरि है। यदि प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई तो 22 जुलाई 2026 को होने वाली अगली आम सभा में आंदोलन को और तेज करने पर निर्णय लिया जा सकता है।
बैठक में शमशाद अहमद, अरविंद सिंह, राजेंद्र यादव, रफीउल्लाह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।



