NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द : पेपर लीक के आरोपों के बाद NTA का बड़ा फैसला, DG बोले – छात्रों के हित में कदम
NEET-UG 2026 परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द। NTA ने दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया। जानिए NTA DG अभिषेक सिंह का बयान और पूरी अपडेट।
नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दिया है। एजेंसी ने परीक्षा दोबारा कराने का निर्णय लिया है। इस फैसले के बाद देशभर में लाखों छात्रों के बीच असमंजस की स्थिति बन गई है।
NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने कहा कि यह निर्णय छात्रों, अभिभावकों और स्वयं एजेंसी के लिए कठिन है, लेकिन परीक्षा की पारदर्शिता और पवित्रता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि 7 मई की रात कुछ संदिग्ध व्हाट्सएप मैसेज प्राप्त हुए थे, जिनमें परीक्षा प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते प्रश्न साझा किए गए थे।
इन संदेशों को तुरंत जांच के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियों को भेजा गया। प्रारंभिक जांच के बाद 10 और 11 मई को कुछ आरोपों की पुष्टि होने पर परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया।
सीबीआई को सौंपी गई मामले की जांच
अभिषेक सिंह ने स्पष्ट किया कि अभी यह तय नहीं है कि पेपर लीक किस स्तर पर हुआ और कितने राज्यों तक मामला फैला है। इस पूरे मामले की जांच अब सीबीआई को सौंप दी गई है। सीबीआई सभी सबूतों और रिकॉर्ड की विस्तृत जांच करेगी।
एनटीए ने बताया कि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की गड़बड़ी की आधिकारिक शिकायत नहीं मिली थी और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई थी। एजेंसी ने परीक्षा से पहले 120 टेलीग्राम चैनलों को भी ब्लॉक किया था और लगातार सतर्कता बरती गई थी।
दोबारा परीक्षा की नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी। छात्रों को सलाह दी गई है कि आधिकारिक वेबसाइट से ही जानकारी प्राप्त करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।



