New Delhi News: लाइबेरिया की विदेश मंत्री ने डॉ. जयशंकर से की वार्ता, नई दिल्ली में दूतावास का उद्घाटन
New Delhi News: Liberia's Foreign Minister holds talks with Dr. Jaishankar; embassy inaugurated in New Delhi.
New Delhi News:भारत और ग्लोबल साउथ के देशों के बीच बढ़ते रणनीतिक संबंधों के बीच भारत-लाइबेरिया रिश्तों में अहम प्रगति हुई है। रिपब्लिक ऑफ लाइबेरिया की विदेश मंत्री सारा बेइसोलो न्यंती भारत की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर पहुंची हैं। इस दौरान उन्होंने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ उच्चस्तरीय द्विपक्षीय वार्ता की।
बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार, प्रौद्योगिकी, कृषि, खनन और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। इसके अलावा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में सुधार और बहुपक्षीय मंचों पर भारत तथा लाइबेरिया के बीच सहयोग मजबूत करने के मुद्दे पर भी विचार-विमर्श किया गया।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों पक्षों ने शांति, विकास और ग्लोबल साउथ की आवाज को मजबूत करने के लिए बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक में सुधारवादी बहुपक्षवाद और यूएनएससी में सुधार की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।
35 साल बाद भारत में फिर खुला लाइबेरिया का दूतावास
यात्रा के दौरान विदेश मंत्री सारा बेइसोलो न्यंती ने नई दिल्ली में रिपब्लिक ऑफ लाइबेरिया के नए दूतावास का आधिकारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर विदेश मंत्रालय में सचिव (आर्थिक संबंध) सुधाकर दलेला भी मौजूद रहे।
लाइबेरिया ने करीब 35 वर्षों के बाद भारत में अपना निवासी राजनयिक मिशन दोबारा शुरू किया है। कूटनीतिक परिस्थितियों के चलते तीन दशक से अधिक समय पहले भारत में इसका मिशन बंद हो गया था। दूतावास की पुनर्स्थापना को दोनों देशों के संबंधों में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि नई दिल्ली में निवासी मिशन की स्थापना भारत और लाइबेरिया के बीच दोस्ती और सहयोग को और मजबूत करेगी। दोनों देश पारस्परिक रूप से लाभकारी साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध हैं।
व्यापार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
नई दिल्ली में स्थायी दूतावास के संचालन से दोनों देशों के बीच व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों के आदान-प्रदान, निवेश और वीजा संबंधी प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। लाइबेरिया में कई भारतीय कंपनियां फार्मा, खनन और ऑटोमोबाइल समेत विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय हैं।
लाइबेरिया सरकार ने भी नई दिल्ली में स्थायी मिशन की बहाली को नए कूटनीतिक दौर की शुरुआत बताया है। इससे लाइबेरियाई नागरिकों को भारत से जुड़े मेडिकल वीजा, बिजनेस वीजा, छात्रवृत्ति और दूतावास संबंधी सेवाएं अधिक सीधे और सुगम तरीके से उपलब्ध होने की उम्मीद है।
रिपोर्ट : शाश्वत तिवारी



